Bihar में बुजुर्गों के लिए होम रजिस्ट्री शुरू, 75 साल से ज्यादा उम्र वालों को घर बैठे मिलेगी सुविधा

Bihar: बिहार सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए संपत्ति की रजिस्ट्री कराना अब बहुत आसान कर दिया है। अब 75 वर्ष या उससे अधिक उम्र के बुजुर्गों को रजिस्ट्री के लिए निबंधन कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, बल्कि अधिकारी खु

Bihar: बिहार सरकार ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए संपत्ति की रजिस्ट्री कराना अब बहुत आसान कर दिया है। अब 75 वर्ष या उससे अधिक उम्र के बुजुर्गों को रजिस्ट्री के लिए निबंधन कार्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे, बल्कि अधिकारी खुद उनके घर आकर यह काम पूरा करेंगे। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने हाजीपुर जिला निबंधन कार्यालय में इस नई डिजिटल सेवा का उद्घाटन किया है।

यह सुविधा ‘सबका सम्मान-जीवन आसान’ कार्यक्रम के तहत शुरू की गई है, जिसका मकसद सरकारी कामों में पारदर्शिता लाना और बुजुर्गों के लिए जीवन को सरल बनाना है। पहले यह सुविधा केवल 80 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों के लिए सोची गई थी, लेकिन अब इसे घटाकर 75 वर्ष कर दिया गया है। वैशाली जिले के 83 वर्षीय अवधेश कुमार इस सेवा का लाभ पाने वाले पहले व्यक्ति बने हैं।

इस प्रक्रिया का लाभ लेने के लिए बुजुर्गों को विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://enibandhan.bihar.gov.in/ पर जाकर ऑनलाइन स्लॉट बुक करना होगा। इसके बाद एक ‘मोबाइल रजिस्ट्रेशन यूनिट’ तय समय पर आवेदक के घर पहुंचेगी। इस यूनिट में लैपटॉप, बायोमेट्रिक डिवाइस और वेबकैम जैसी सुविधाएं होंगी, जिससे आधार प्रमाणीकरण और दस्तावेजों का सत्यापन घर पर ही हो जाएगा। रजिस्ट्री पूरी होते ही दस्तावेज व्हाट्सएप, ई-मेल और एसएमएस के जरिए पीडीएफ फॉर्मेट में तुरंत मिल जाएंगे।

सरकार ने इसके साथ ही कुछ और डिजिटल सेवाएं भी शुरू की हैं, जिससे जमीन के फर्जीवाड़े पर रोक लग सके। अब लोग संपत्ति खरीदने या बेचने से पहले उसकी असली स्थिति की ऑनलाइन जांच कर सकेंगे। साथ ही ई-चालान और ई-स्टांप जैसी सुविधाओं से कागजी कार्रवाई कम होगी। बिहार से बाहर रहने वाले लोग भी अब आपसी बंटवारे जैसे कामों के लिए डिजिटल निबंधन का इस्तेमाल कर सकेंगे।

फिलहाल यह सुविधा पटना और हाजीपुर के 10 निबंधन कार्यालयों में शुरू की गई है, जिसे आने वाले समय में पूरे बिहार में लागू किया जाएगा। इस मौके पर निबंधन विभाग के सचिव नवीन कुमार और जिलाधिकारी वर्षा सिंह भी मौजूद रहे।