Bihar में भारी बारिश का अलर्ट, वैशाली और समस्तीपुर समेत 4 जिलों में अत्यधिक वर्षा की चेतावनी
Bihar: राज्य में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है जिससे आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 6 अगस्त तक पूरे बिहार में अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से वैशाली, समस्ती
Bihar: राज्य में मानसून एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है जिससे आने वाले दिनों में भारी बारिश की संभावना है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 6 अगस्त तक पूरे बिहार में अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से वैशाली, समस्तीपुर और पश्चिमी चंपारण जैसे जिलों में बहुत भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार 4 अगस्त को पश्चिमी चंपारण, समस्तीपुर और वैशाली में एक या दो जगहों पर अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है। इसके अलावा अररिया, कटिहार, किशनगंज, भोजपुर, बक्सर, सारण और सीवान जिलों में भी भारी बारिश का अनुमान है। पटना में भी 4 और 5 अगस्त को गरज के साथ भारी बारिश होने की संभावना है, जिससे शहर में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
अगले 48 घंटों में राज्य के कई हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। दरभंगा डिवीजन और समस्तीपुर में भी 4 और 5 अगस्त को छिटपुट बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की उम्मीद है।
प्रशासन और मौसम विभाग ने आम लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। बिजली कड़कने के दौरान पेड़ों, बिजली के खंभों और खुले मैदानों से दूर रहने को कहा गया है। निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को जलभराव के खतरे को देखते हुए सतर्क रहने और बहुत जरूरी होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी गई है। बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (BSDMA) भी स्थिति पर नजर रखे हुए है।