Bihar में 175 डॉक्टरों को ज्वाइन करने के लिए मिला और समय, 10 जुलाई तक की मिली मोहलत

Bihar: राज्य के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। बिहार स्वास्थ्य विभाग ने 175 नवनियुक्त विशेषज्ञ और सामान्य चिकित्सा अधिकारियों के लिए ज्वाइनिंग की तारीख बढ़ा दी है।

Bihar: राज्य के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए सरकार ने एक बड़ा फैसला लिया है। बिहार स्वास्थ्य विभाग ने 175 नवनियुक्त विशेषज्ञ और सामान्य चिकित्सा अधिकारियों के लिए ज्वाइनिंग की तारीख बढ़ा दी है। अब ये डॉक्टर 10 जुलाई तक अपनी ड्यूटी जॉइन कर सकते हैं।

दरअसल, इन डॉक्टरों को पहले 30 दिनों का समय दिया गया था, लेकिन तय समय सीमा खत्म होने तक कई डॉक्टर अपनी पोस्ट पर रिपोर्ट नहीं कर पाए। कुछ डॉक्टरों ने फोन के जरिए विभाग से संपर्क किया और समय बढ़ाने की मांग की, जिसके बाद सरकार ने यह राहत दी है। बिहार तकनीकी सेवा आयोग (BTSC) के माध्यम से इन डॉक्टरों की नियुक्ति की गई थी।

स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्रीय कार्यालयों की रिपोर्ट देखने के बाद यह कदम उठाया है, लेकिन साथ ही सख्त चेतावनी भी दी है। विभाग ने साफ कर दिया है कि अगर डॉक्टर 10 जुलाई की नई डेडलाइन तक जॉइन नहीं करते हैं, तो उनकी नियुक्ति रद्द की जा सकती है। संबंधित कंट्रोलिंग अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे इस समय सीमा के भीतर जॉइनिंग आवेदन स्वीकार करें और जरूरी कार्रवाई पूरी करें।

इन 175 डॉक्टरों में कई अलग-अलग विभागों के विशेषज्ञ शामिल हैं, जैसे कि एनेस्थेटिस्ट, डर्मेटोलॉजिस्ट, ईएनटी स्पेशलिस्ट, जनरल सर्जन, गायनेकोलॉजिस्ट, माइक्रोबायोलॉजिस्ट, ऑप्थल्मोलॉजिस्ट, पीडियाट्रिशियन, पैथोलॉजिस्ट, साइकियाट्रिस्ट और रेडियोलॉजिस्ट। इन डॉक्टरों के न आने की वजह से सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं की कमी बनी हुई है, जिससे आम मरीजों को परेशानी हो रही है।