Bihar के सरकारी अस्पतालों में अब हाईटेक होगी आंखों की सर्जरी, Eye OPD और OT होंगे अपग्रेड
Bihar: राज्य सरकार ने सरकारी अस्पतालों में आंखों के इलाज को बेहतर बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। ‘सात निश्चय-3’ योजना के तहत अब जिला और अनुमंडलीय अस्पतालों में नेत्र चिकित्सा सेवाओं को आधुनिक बनाया जाएगा।
Bihar: राज्य सरकार ने सरकारी अस्पतालों में आंखों के इलाज को बेहतर बनाने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। ‘सात निश्चय-3’ योजना के तहत अब जिला और अनुमंडलीय अस्पतालों में नेत्र चिकित्सा सेवाओं को आधुनिक बनाया जाएगा। इसका मुख्य उद्देश्य यह है कि आम लोगों को आंखों के ऑपरेशन और इलाज के लिए बड़े शहरों के चक्कर न लगाने पड़ें और उन्हें अपने नजदीकी अस्पताल में ही अच्छी सुविधा मिल सके।
स्वास्थ्य विभाग ने इस योजना को लागू करने के लिए सभी जिला और अनुमंडलीय अस्पतालों को निर्देश दिया है कि वे अपनी Eye OPD और Eye OT में मौजूद उपकरणों की जांच करें। अस्पतालों को यह देखना होगा कि वहां किन मशीनों की कमी है, जिसे ‘गैप एनालिसिस’ कहा जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री निशांत ने बताया कि सरकार चरणबद्ध तरीके से इन सुविधाओं को मजबूत करेगी ताकि मोतियाबिंद जैसी बीमारियों का इलाज समय पर हो सके और मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर करने की जरूरत कम हो जाए।
अस्पतालों को भारतीय जन स्वास्थ्य मानक (IPHS) के हिसाब से उपकरणों की समीक्षा करनी होगी और अपनी रिपोर्ट राज्य स्वास्थ्य समिति को भेजनी होगी। उपकरणों का सत्यापन BEMMP पोर्टल के जरिए किया जाएगा। फिलहाल बिहार के 25 जिला अस्पतालों में मोतियाबिंद ऑपरेशन की सुविधा है, जिसे अब सभी जिला और अनुमंडलीय अस्पतालों तक पहुँचाने का लक्ष्य रखा गया है।