Bihar में नीति आयोग की तर्ज पर बनेगा नया आयोग, CM सम्राट चौधरी ने लिया बड़ा फैसला

Bihar: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के विकास को नई रफ्तार देने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने घोषणा की है कि बिहार में केंद्र सरकार के नीति आयोग की तरह ही एक नया आयोग बनाया जाएगा। यह फैसला पटना के लोक सेवक आव

Bihar: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के विकास को नई रफ्तार देने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने घोषणा की है कि बिहार में केंद्र सरकार के नीति आयोग की तरह ही एक नया आयोग बनाया जाएगा। यह फैसला पटना के लोक सेवक आवास स्थित ‘संकल्प सभागार’ में योजना एवं विकास विभाग की एक हाई लेवल मीटिंग के दौरान लिया गया।

इस नए आयोग का मुख्य काम राज्य के लिए लंबे समय का विकास विजन तैयार करना होगा। यह आयोग डेटा और सबूतों के आधार पर नीतियां बनाएगा और यह देखेगा कि सरकारी योजनाओं को सही तरीके से लागू किया जा रहा है या नहीं। साथ ही, यह अलग-अलग सरकारी विभागों के बीच तालमेल बिठाने और समय-समय पर जरूरी सुझाव देने का काम भी करेगा।

मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि हर जिले की जरूरतें अलग होती हैं, इसलिए हर जिले के लिए वहां के संसाधनों और संभावनाओं को देखते हुए एक अलग कार्ययोजना बनाई जाएगी। अब हर जिले का अपना स्वतंत्र बजट प्लान होगा ताकि स्थानीय जरूरतों को प्राथमिकता दी जा सके। इसी तरह प्रखंड स्तर पर भी विकास के प्लान बनाए जाएंगे ताकि राज्य के हर हिस्से का समान विकास हो सके।

विकास कार्यों में पारदर्शिता लाने के लिए विधायकों और MLCs के लिए एक स्पेशल ऑनलाइन पोर्टल बनाया जाएगा। इससे जनप्रतिनिधियों की योजनाओं की जानकारी और उनकी प्रोग्रेस को ऑनलाइन ट्रैक किया जा सकेगा। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि योजनाओं की क्वालिटी और समय पर काम पूरा होने पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया जाएगा ताकि लाभ आखिरी व्यक्ति तक पहुंचे।

साल 2037 में बिहार अपनी स्थापना के 125 साल पूरे करेगा, जिसे ध्यान में रखते हुए ‘विकसित बिहार’ का विजन तैयार किया जा रहा है। इसके लिए दुनिया भर के सफल डेवलपमेंट मॉडल का अध्ययन कर उन्हें बिहार की जरूरतों के हिसाब से लागू किया जाएगा। बैठक में मौसम विभाग की समीक्षा भी हुई, जिसमें निर्देश दिया गया कि मौसम की सटीक जानकारी सांसदों, विधायकों, मुखियाओं और अधिकारियों को व्हाट्सएप के जरिए समय पर भेजी जाए।