Bihar में 30,000 भूमिहीन परिवारों को मिलेगी जमीन, 15 अगस्त को बांटे जाएंगे सर्टिफिकेट

Bihar: राज्य की सम्राट सरकार ने भूमिहीन परिवारों के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। सरकार ‘अभियान बसेरा-2’ प्रोग्राम के तहत राज्य के 30,000 भूमिहीन परिवारों को जमीन देने की तैयारी कर रही है। राजस्व एवं भूमि सुधार

Bihar: राज्य की सम्राट सरकार ने भूमिहीन परिवारों के लिए एक बड़ा फैसला लिया है। सरकार ‘अभियान बसेरा-2’ प्रोग्राम के तहत राज्य के 30,000 भूमिहीन परिवारों को जमीन देने की तैयारी कर रही है। राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल ने बताया कि जिन लोगों के पास रहने के लिए अपनी जमीन नहीं है, उन्हें पात्र होने पर जमीन दी जाएगी।

इस योजना के तहत पात्र परिवारों को करीब तीन डिसमिल (लगभग 1,306.8 वर्ग फुट) आवासीय जमीन दी जाएगी। यह पूरी प्रक्रिया ‘अभियान बसेरा’ पोर्टल के जरिए ऑनलाइन होगी ताकि इसमें पारदर्शिता बनी रहे। जिला प्रशासन को 31 जुलाई 2026 तक लाभार्थियों का वेरिफिकेशन पूरा करने, नए पात्र परिवारों का रजिस्ट्रेशन करने और सर्टिफिकेट तैयार करने का समय दिया गया है। सभी चयनित परिवारों को 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर जमीन के सर्टिफिकेट सौंपे जाएंगे।

इस योजना में ग्रामीण इलाकों के दलित, महादलित, पिछड़ा, अत्यंत पिछड़ा और अल्पसंख्यक वर्ग के भूमिहीन परिवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) से जुड़े परिवार भी इसका लाभ उठा सकेंगे। जिन गांवों में सरकारी जमीन उपलब्ध नहीं होगी, वहां ‘मुख्यमंत्री वास स्थल क्रय सहायता योजना’ के तहत जमीन खरीदने के लिए 60,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाएगी।

राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के सचिव जय सिंह ने सभी जिलाधिकारियों को इस अभियान को लागू करने के निर्देश दिए हैं। जिला स्तर पर लाभार्थियों के लक्ष्य तय किए गए हैं, जिसमें पटना में सबसे ज्यादा 1,709 लाभार्थियों को जमीन मिलेगी। इसके अलावा पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, गया, समस्तीपुर, सारण और दरभंगा जैसे जिलों में भी बड़ी संख्या में सर्टिफिकेट बांटे जाएंगे। इस पूरे अभियान की प्रगति की समीक्षा मुख्यालय स्तर पर हर हफ्ते की जाएगी।