Buxar में भगवान वामन मंदिर अब जेल परिसर से होगा अलग, बिहार सरकार ने दी मंजूरी, श्रद्धालुओं के लिए आसान होगा रास्ता
Bihar/Buxar: बक्सर के श्रद्धालुओं के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी आई है। बिहार सरकार ने भगवान वामन मंदिर को केंद्रीय कारा (जेल) परिसर से अलग करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद अब मंदिर का विकास होगा और भक्त
Bihar/Buxar: बक्सर के श्रद्धालुओं के लिए एक बहुत बड़ी खुशखबरी आई है। बिहार सरकार ने भगवान वामन मंदिर को केंद्रीय कारा (जेल) परिसर से अलग करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद अब मंदिर का विकास होगा और भक्तों को दर्शन के लिए जेल के अंदर नहीं जाना पड़ेगा, जिससे उनकी एंट्री आसान हो जाएगी।
यह महत्वपूर्ण निर्णय बुधवार, 1 जुलाई 2026 को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में लिया गया। गृह विभाग के सचिव कुंदन कुमार और अपर मुख्य सचिव अरविंद चौधरी ने आधिकारिक तौर पर इस फैसले की जानकारी दी। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पहले ही कहा था कि जेल में कैदी बंद होते हैं, भगवान नहीं। उन्होंने अपनी समृद्धि यात्रा और मंदिर दौरे के बाद इस बदलाव का वादा किया था।
मंदिर को जेल से अलग करने के लिए केंद्रीय कारा बक्सर की 1 एकड़ 90 डिसमिल जमीन को चिह्नित किया गया है। इस जमीन का आकार 600 फीट x 138 फीट होगा। सुरक्षा का पूरा ध्यान रखा गया है ताकि जेल की व्यवस्था प्रभावित न हो। इसके लिए मंदिर परिसर के तीन तरफ 14 फीट ऊंची नई चहारदीवारी बनाई जाएगी, जिसमें ऊपर की तरफ कंटीले तार लगाए जाएंगे। बाकी दिशाओं में पहले से ही मजबूत दीवार मौजूद है।
इस फैसले का स्थानीय लोगों और संगठनों ने जोरदार स्वागत किया है। सदर विधायक आनंद मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन और भगवान वामन चेतना मंच के साथ-साथ विश्वामित्र सेना ने मुख्यमंत्री का आभार जताया है। जिला प्रशासन और डीएम ने पहले ही इसका नक्शा और प्रस्ताव कारा विभाग को भेज दिया था। सरकार का मुख्य उद्देश्य मंदिर का सौंदर्यीकरण करना और श्रद्धालुओं की बिना किसी रुकावट के आवाजाही सुनिश्चित करना है।