Bihar के सरकारी अस्पतालों में लगेंगे CCTV कैमरे, पटना के कंट्रोल रूम से होगी निगरानी

Bihar: राज्य के सरकारी अस्पतालों में अब डॉक्टरों और स्टाफ की मनमानी नहीं चलेगी। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने घोषणा की है कि बिहार के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों की सीधी निगरान

Bihar: राज्य के सरकारी अस्पतालों में अब डॉक्टरों और स्टाफ की मनमानी नहीं चलेगी। स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने घोषणा की है कि बिहार के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में CCTV कैमरे लगाए जाएंगे। इन कैमरों की सीधी निगरानी पटना में बनने वाले एक केंद्रीय कंट्रोल रूम से की जाएगी, ताकि मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके और अस्पताल की व्यवस्था सुधरे।

स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि अक्सर यह शिकायत आती है कि डॉक्टर, नर्स और पैरामेडिकल स्टाफ समय पर अपनी ड्यूटी पर नहीं पहुंचते हैं। इस समस्या को खत्म करने के लिए एक खास सॉफ्टवेयर बनाया जाएगा, जिससे कंट्रोल रूम से उनकी उपस्थिति और कामकाज पर नजर रखी जाएगी। राज्य के करीब 15,000 सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में यह काम चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।

मंत्री ने साफ किया कि ओपीडी, आईपीडी, सर्जरी और डॉक्टरों के राउंड का पूरा रिकॉर्ड रखा जाएगा। अगर किसी अस्पताल में दवाइयां नहीं हैं या कोई मशीन खराब है, तो उसकी जानकारी तुरंत स्वास्थ्य विभाग को देनी होगी। स्वास्थ्य मंत्री ने PMCH के अपने हालिया निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई थी, जिसके बाद उन्होंने पूरे राज्य में औचक निरीक्षण जारी रखने की बात कही है।

अस्पतालों के अलावा सरकार सड़क दुर्घटनाओं में त्वरित मदद के लिए राजमार्गों पर 100 नई एंबुलेंस तैनात करेगी। साथ ही, राज्य में 11 लेवल-3 और 5 लेवल-2 के ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने पर भी काम चल रहा है। इस पूरी पहल का मकसद जिला अस्पतालों की हालत सुधारना है ताकि मरीजों को छोटे इलाज के लिए पटना रेफर न करना पड़े।