Bihar में सड़क हादसे में 2 की जिंदा जलकर मौत, ट्रक से टकराकर कार बनी आग का गोला
Gaya: बिहार के गया जिले में डोभी-पटना फोरलेन पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ. यहां एक तेज रफ्तार कार और खाद लदे ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसके बाद कार में भीषण आग लग गई. इस हादसे में कार में सवार दो लोगों क
Gaya: बिहार के गया जिले में डोभी-पटना फोरलेन पर बुधवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ. यहां एक तेज रफ्तार कार और खाद लदे ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसके बाद कार में भीषण आग लग गई. इस हादसे में कार में सवार दो लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि चालक गंभीर रूप से घायल है.
यह दुर्घटना बोधगया थाना क्षेत्र के सिजुआ गांव के पास रात करीब 1:30 बजे हुई. जानकारी के मुताबिक, एक झारखंड नंबर की Swift कार डोभी से पटना की ओर जा रही थी. उसी समय खाद लदा एक 10 चक्का ट्रक सर्विस लेन से गलत दिशा (Wrong Side) से फोरलेन पर चढ़ने की कोशिश कर रहा था. कार की रफ्तार तेज होने के कारण वह ट्रक के दाहिने हिस्से में बने डीजल टैंक से जा टकराई.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रक का डीजल टैंक फट गया और देखते ही देखते दोनों वाहनों में आग लग गई. कार तुरंत आग की चपेट में आ गई, जिससे उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. कार चालक ऋषभ कुमार, जो वैशाली जिले के मधौल गांव का रहने वाला है, गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है.
हादसे के तुरंत बाद ट्रक चालक और उसका खलासी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है. बोधगया थाना प्रभारी अरविंद कुमार सिंह ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया है. पुलिस अभी मृतकों की पहचान करने की कोशिश कर रही है और घायल चालक के होश में आने का इंतजार किया जा रहा है ताकि पूरी जानकारी मिल सके.
जांच के दौरान पुलिस को कार से शराब की कुछ खाली बोतलें भी मिली हैं, जिससे नशे में गाड़ी चलाने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सिर्फ बोतलों के मिलने से कोई फैसला नहीं लिया जा सकता और जांच के बाद ही असली वजह साफ होगी. इस हादसे की वजह से फोरलेन पर कई घंटों तक ट्रैफिक जाम रहा, जिसे जले हुए वाहनों को हटाने के बाद ठीक किया गया.