Bihar में लुटेरी दुल्हन का खेल, गाजियाबाद से आए दूल्हे को सात फेरों के बाद ठगा; जेवर और नकदी लेकर फरार

Bihar/Gaya: गाजियाबाद का एक शख्स अपनी शादी की खुशियां मनाने बिहार आया था, लेकिन उसे क्या पता था कि यहां उसके साथ एक बड़ी धोखाधड़ी होने वाली है। गया जिले में सात फेरे लेने और मांग में सिंदूर भरने के कुछ ही घंटों बाद दुल्ह

Bihar/Gaya: गाजियाबाद का एक शख्स अपनी शादी की खुशियां मनाने बिहार आया था, लेकिन उसे क्या पता था कि यहां उसके साथ एक बड़ी धोखाधड़ी होने वाली है। गया जिले में सात फेरे लेने और मांग में सिंदूर भरने के कुछ ही घंटों बाद दुल्हन लाखों के जेवर और नकदी लेकर रफूचक्कर हो गई। इस घटना के बाद दूल्हा और उसका परिवार पूरी तरह सदमे में है।

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद की होंडा कॉलोनी निवासी रविंद्र कुमार की शादी गया के मानपुर स्थित एक मंदिर में हुई थी। शादी की रस्में पूरी होने के बाद दुल्हन अचानक गायब हो गई। दूल्हे के भाई धर्मेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि उन्होंने कर्ज लेकर यह शादी की थी। शादी के दौरान दुल्हन को मंगलसूत्र, झुमके, पायल और बिछिया जैसे महंगे सोने-चांदी के जेवर दिए गए थे, साथ ही मेकअप और कपड़ों पर भी काफी खर्च किया गया था।

पीड़ित परिवार का आरोप है कि विदाई से पहले ही शातिर दुल्हन और उसके साथियों ने मोबाइल से खींची गई तस्वीरें और शादी के वीडियो डिलीट करवा दिए, ताकि पुलिस के पास कोई सबूत न रहे। इस पूरी साजिश में शकील नाम के एक बिचौलिए की मुख्य भूमिका बताई जा रही है, जिसने शादी तय कराने के नाम पर पहले ही 1 लाख रुपये लिए थे। इसके अलावा लालमुनि देवी और रवि यादव भी इस शादी में शामिल थे।

मुफस्सिल थानाध्यक्ष देवराज इंद्र ने बताया कि पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक महिला और एक पुरुष को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि यह किसी संगठित अंतरराज्यीय गिरोह का काम है जो शादी के नाम पर लोगों को ठगता है। फिलहाल मुख्य आरोपी दुल्हन और एजेंट शकील फरार हैं, जिनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर लूटा गया सामान बरामद कर लिया जाएगा।