Bihar के गया में जुड़वा बच्चों को जन्म देने के बाद मां की मौत, अस्पताल कर्मियों पर लापरवाही का आरोप

Bihar/Gaya: गया जिले के बाराचट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहाँ जुड़वा बच्चों को जन्म देने के कुछ ही देर बाद एक महिला की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गं

Bihar/Gaya: गया जिले के बाराचट्टी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहाँ जुड़वा बच्चों को जन्म देने के कुछ ही देर बाद एक महिला की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं और अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया।

जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान कुसुम कुमारी के रूप में हुई है। वह बाराचट्टी के शर्मा बाजार की रहने वाली थीं और मूल रूप से मोहनपुर थाना क्षेत्र के अजनामा गांव की रहने वाली थीं। आशा कार्यकर्ता गीता कुमारी ने कुसुम कुमारी को प्रसव के लिए बाराचट्टी CHC में भर्ती कराया था। अस्पताल में उन्होंने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया, लेकिन इसके तुरंत बाद उनकी तबीयत बिगड़ने लगी।

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के स्टाफ ने इलाज में लापरवाही बरती। उनका कहना है कि कुसुम की मौत अस्पताल में ही हो गई थी, लेकिन स्वास्थ्य कर्मियों ने इसे छिपाने के लिए ‘अत्यधिक रक्तस्राव’ का बहाना बनाया और उन्हें बेहतर इलाज के लिए गया रेफर करने की बात कही। जब परिजनों को सच्चाई पता चली तो उन्होंने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया।

मृतका के पिता रविंद्र प्रसाद ने इस मामले में स्थानीय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने जीएनएम किरण कुमारी, एएनएम रजनी कुमारी और अर्पण कुमारी पर लापरवाही का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत मिलने की पुष्टि की है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।