Bihar: NEET UG 2026 री-एग्जाम से पहले EOU अलर्ट, 135 संदिग्धों पर नजर, फर्जी कॉल-मैसेज से रहें सावधान

Bihar: नीट यूजी 2026 की री-एग्जाम कल 21 जून को होने वाली है, जिसे लेकर बिहार आर्थिक अपराध इकाई (EOU) पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। यूनिट ने 135 संदिग्ध लोगों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कड़ी नजर रखनी शुरू कर दी है। छात्रो

Bihar: नीट यूजी 2026 की री-एग्जाम कल 21 जून को होने वाली है, जिसे लेकर बिहार आर्थिक अपराध इकाई (EOU) पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। यूनिट ने 135 संदिग्ध लोगों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कड़ी नजर रखनी शुरू कर दी है। छात्रों और उनके अभिभावकों को चेतावनी दी गई है कि वे किसी भी तरह के फर्जी कॉल, मैसेज या पेपर लीक के झांसे में न आएं।

यह परीक्षा दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। परीक्षार्थियों को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच सेंटर पर पहुंचना होगा, क्योंकि 1:30 बजे गेट बंद कर दिए जाएंगे। बता दें कि 3 मई 2026 को हुई मूल परीक्षा को पेपर लीक के आरोपों के कारण रद्द कर दिया गया था, जिसके बाद अब यह दोबारा परीक्षा आयोजित की जा रही है।

बिहार EOU ने एक विशेष मॉनिटरिंग सेल बनाया है। विभाग ने साफ कहा है कि जो लोग पैसे लेकर पेपर, आंसर की या सफलता का वादा कर रहे हैं, वे धोखाधड़ी कर रहे हैं। पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) एक्ट 2024 के तहत ऐसे दोषियों को 10 साल तक की जेल और 1 करोड़ रुपये तक का जुर्माना हो सकता है। अगर किसी को कोई संदिग्ध कॉल या मैसेज आता है, तो वे तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन, साइबर सेल या EOU के व्हाट्सएप नंबर 9031829067 और ईमेल digeou-bih@gov.in पर सूचना दें।

परीक्षा की पारदर्शिता के लिए NTA ने बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन, हाई-सेंसिटिविटी मेटल डिटेक्टर और सीसीटीवी निगरानी जैसे कड़े इंतजाम किए हैं। प्रश्न पत्रों को जीपीएस लैस काफिले के साथ भेजा जाएगा। वहीं, फर्जी खबरों को रोकने के लिए केंद्र सरकार के MeitY ने 22 जून तक भारत में टेलीग्राम का एक्सेस ब्लॉक कर दिया है और 30 जून तक मैसेज एडिट करने का फीचर बंद रखा है।

CBI ने भी इस मामले में जांच तेज कर दी है और हाल ही में पटना से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। बिहार में अब तक कुल 17 गिरफ्तारियां हुई हैं, जिनमें से 15 की कार्रवाई EOU ने की थी। NTA ने स्पष्ट किया है कि री-नीट 2026 का कोई भी पेपर लीक नहीं हुआ है और ऐसी खबरें पूरी तरह फर्जी हैं। तनाव महसूस करने वाले छात्रों के लिए MANAS हेल्पलाइन (14416) 24 घंटे उपलब्ध है।