Bihar में अफसर की हत्या, औरंगाबाद में कार ओवरटेक कर EO विमल कुमार को उतारा मौत के घाट

Bihar/Aurangabad: बिहार के औरंगाबाद जिले में अपराधियों ने एक सरकारी अफसर की बेरहमी से हत्या कर दी है। डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) विमल कुमार की शनिवार देर रात बारुण थाना क्षेत्र में जान ले ली ग

Bihar/Aurangabad: बिहार के औरंगाबाद जिले में अपराधियों ने एक सरकारी अफसर की बेरहमी से हत्या कर दी है। डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (EO) विमल कुमार की शनिवार देर रात बारुण थाना क्षेत्र में जान ले ली गई। अपराधी उनकी कार को ओवरटेक कर बीच रास्ते में रोक लिए और उन पर हमला कर दिया।

जानकारी के मुताबिक विमल कुमार डेहरी से पटना जा रहे थे। जब उनकी गाड़ी धनौती पुल के पास पहुंची, तब बदमाशों ने कार को ओवरटेक कर रोका। अपराधियों ने विमल कुमार के साथ बेरहमी से मारपीट की और उन्हें गंभीर चोटें पहुंचाईं। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत जमुहार स्थित नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

शुरुआती खबरों में गोली लगने की बात कही गई थी, लेकिन पुलिस और डॉक्टरों ने इसकी पुष्टि नहीं की है। सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने बताया कि शरीर पर मारपीट और धारदार हथियारों के निशान मिले हैं, मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही साफ होगी। शव का पोस्टमार्टम सासाराम सदर अस्पताल में कराया जा रहा है।

इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, एसपी रौशन कुमार और औरंगाबाद के एसएसपी उपेंद्र नाथ वर्मा मौके पर मौजूद हैं। पुलिस ने कार चालक मिथिलेश कुमार को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। अपराधियों को पकड़ने के लिए एक स्पेशल टीम बनाई गई है, जो छापेमारी कर रही है। विमल कुमार मूल रूप से गया जिले के शेरघाटी के रहने वाले थे और उनका परिवार पटना में रहता है।