Bihar के पूर्वी चंपारण में जाली नोट सिंडिकेट का भंडाफोड़, 1 करोड़ के नकली नोट और सोने के बिस्किट बरामद
Bihar/East Champaran: पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े ठगी गिरोह को पकड़ा है। मंगलवार रात भोपतपुर गांव में की गई छापेमारी में पुलिस को करीब 1 करोड़ रुपये के नकली नोट और सोने के बिस्किट मि
Bihar/East Champaran: पूर्वी चंपारण जिले के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़े ठगी गिरोह को पकड़ा है। मंगलवार रात भोपतपुर गांव में की गई छापेमारी में पुलिस को करीब 1 करोड़ रुपये के नकली नोट और सोने के बिस्किट मिले हैं। इस कार्रवाई में पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है और उनके पास से भारी मात्रा में कैश और हथियार भी बरामद किए हैं।
इस पूरे ऑपरेशन का नेतृत्व SDPO (सदर-1 और सदर-2) जितेश पांडे ने किया। छापेमारी के दौरान पुलिस को 1 करोड़ के जाली नोटों के अलावा 13 लाख रुपये नकद, 38 सोने के बिस्किट, कारतूस, हथियार और एक गाड़ी मिली है। पुलिस ने भोपतपुर के रहने वाले सुलेमान अंसारी और इम्तियाज समेत चार लोगों को पकड़ा है। इस अभियान में जिला आसूचना इकाई (DIU) और पांच अलग-अलग थानों की पुलिस शामिल थी।
जांच में पता चला कि यह गिरोह लोगों को ‘नोट डबलिंग’ के नाम पर ठगता था। ये लोग झांसा देते थे कि 5,000 रुपये देने पर 15,000 रुपये के ऐसे नकली नोट मिलेंगे जो बाजार में असली की तरह चलेंगे। भरोसा जीतने के लिए शुरू में असली नोट दिए जाते थे, लेकिन जब कोई बड़ी रकम लेकर आता था, तो ऊपर असली नोट रखकर नीचे ‘चिल्ड्रन बैंक’ लिखे प्लास्टिक के नकली नोट थमा दिए जाते थे।
ठगी का एक और तरीका यह था कि गिरोह के सदस्य पुलिस की वर्दी पहनकर सुनसान जगहों पर जाते थे और सौदा करने आए लोगों से पैसे छीन लेते थे। लोग डर के मारे पुलिस को शिकायत भी नहीं कर पाते थे। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि यह नेटवर्क किन-किन जिलों में फैला था और नकली नोट कहां से मंगाए जाते थे। यह सिंडिकेट बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश और नेपाल में भी सक्रिय था।