Bihar के दरभंगा में ‘बालकटवा’ का खौफ, रात में घर की छत पर दिखा नकाबपोश, 8 दिन में 2 लोगों के काटे बाल
Bihar/Darbhanga: दरभंगा के बहादुरपुर थाना क्षेत्र में इन दिनों एक रहस्यमयी नकाबपोश का आतंक फैला हुआ है, जिसे लोग ‘बालकटवा’ कह रहे हैं। काले कपड़ों में आने वाला यह शख्स घरों में घुसकर महिलाओं और बच्चियों के बा
Bihar/Darbhanga: दरभंगा के बहादुरपुर थाना क्षेत्र में इन दिनों एक रहस्यमयी नकाबपोश का आतंक फैला हुआ है, जिसे लोग ‘बालकटवा’ कह रहे हैं। काले कपड़ों में आने वाला यह शख्स घरों में घुसकर महिलाओं और बच्चियों के बाल काट रहा है और लूटपाट कर रहा है। ताजा मामला गोविंदपुर गांव का है, जहां एक परिवार ने नकाबपोश को अपनी छत पर देखने का दावा किया है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
गोविंदपुर गांव में 20 जुलाई को एक बच्ची ने रात के समय छत पर काले कपड़े पहने एक युवक को देखा। बच्ची के मुताबिक, उस नकाबपोश ने उसकी तरफ देखा और फिर वहां से भाग गया। इस दौरान परिवार ने आंगन में रखी कुर्सी और चारपाई पलटने की आवाजें भी सुनीं। इससे पहले 19 जुलाई को भी इसी गांव में एक नकाबपोश घुसा था, जिससे डर के मारे एक किशोरी बेहोश हो गई थी।
यह सिलसिला पिछले कुछ दिनों से लगातार चल रहा है। 17 जुलाई को डरहार गांव में शिक्षक सुमन कुमार चौधरी के घर में घुसकर बदमाश ने 2000 रुपये लूटे और उनकी बेटी आकांक्षा के बाल काट दिए। इससे पहले 9 जुलाई को होम्योपैथिक डॉक्टर पवन कुमार मिश्रा के घर से 25,000 रुपये की चोरी हुई थी और उनकी बहू के बाल काट दिए गए थे।
पुलिस प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले रहा है। सिटी एसपी अशोक कुमार चौधरी ने इन घटनाओं को असामान्य बताया है। सदर एसडीपीओ राजीव कुमार का कहना है कि यह डकैती नहीं बल्कि चोरी का प्रयास है और ऐसा लगता है कि हमलावर कोई साइको व्यक्ति हो सकता है। बहादुरपुर थाना प्रभारी प्रसुंजय कुमार ने बताया कि पुलिस की स्पेशल टीम, एफएसएल और डॉग स्क्वॉड की मदद से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
बिहार सरकार के मंत्री मदन सहनी ने भी डरहार गांव का दौरा किया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने पुलिस को जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने का निर्देश दिया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और बिना जांच के किसी नतीजे पर न पहुंचें। हालांकि, गांव में सीसीटीवी कैमरों की कमी के कारण पुलिस को जांच में मुश्किल आ रही है। ग्रामीण अब पुलिस से रात में गश्ती बढ़ाने की मांग कर रहे हैं।