Bihar के 6 जिलों में पैक्स से होगा धान बीज का उत्पादन, किसानों को मिलेगा हाई क्वालिटी बीज

Bihar: राज्य के किसानों को अब खेती के लिए उच्च गुणवत्ता वाले धान बीज आसानी से मिल सकेंगे। सहकारिता विभाग ने खरीफ वर्ष 2026-27 के लिए एक खास पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है। इस योजना के तहत छह जिलों में पैक्स (प्राथमिक कृषि

Bihar: राज्य के किसानों को अब खेती के लिए उच्च गुणवत्ता वाले धान बीज आसानी से मिल सकेंगे। सहकारिता विभाग ने खरीफ वर्ष 2026-27 के लिए एक खास पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है। इस योजना के तहत छह जिलों में पैक्स (प्राथमिक कृषि ऋण समितियाँ) के जरिए धान बीज का उत्पादन कराया जाएगा, ताकि किसानों को प्रमाणित बीज के लिए भटकना न पड़े।

सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव ने बताया कि इस पहल का मकसद पैक्स को सिर्फ धान खरीदने तक सीमित न रखकर उन्हें किसानों की आर्थिक मजबूती का केंद्र बनाना है। इस प्रोजेक्ट में उन पैक्सों को जोड़ा जाएगा जिनके पास राष्ट्रीय सहकारी बीज समिति (BBSSL) की सदस्यता है। इससे न केवल बीज की खरीद लागत कम होगी, बल्कि धान की पैदावार और गुणवत्ता में भी सुधार आएगा, जिससे किसानों की कमाई बढ़ेगी।

यह प्रोजेक्ट फिलहाल राज्य के छह जिलों में लागू किया गया है। इनमें रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, गया, भोजपुर और सिवान शामिल हैं। बसोका (BASOCA) द्वारा निबंधित किसानों की लिस्ट जिलों को भेज दी गई है, जिसके आधार पर चयनित प्रखंडों में बीज उत्पादन का काम शुरू होगा। अगर यह पायलट प्रोजेक्ट सफल रहता है, तो आने वाले समय में इसे बिहार के अन्य जिलों में भी बढ़ाया जाएगा।

इस पूरी प्रक्रिया में बिहार राज्य बीज निगम (BRBN) और बिहार स्टेट सीड ऑर्गेनिक सर्टिफिकेशन एजेंसी (BASOCA) तकनीकी मदद देंगे। साथ ही जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी और भारतीय बीज सहकारी समिति के प्रतिनिधि मिलकर जमीनी स्तर पर इसके कार्यान्वयन की निगरानी करेंगे।