Bihar में होमगार्ड कंपनी कमांडर की भर्ती, ग्रेजुएट युवाओं को मिलेगी लेवल-6 की सैलरी
Bihar: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने होमगार्ड सेवा कैडर में कंपनी कमांडर (गुलम सेनापति) के पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। गृह विभाग के विशेष शाखा के तहत कुल 65 पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। स
Bihar: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग (BPSSC) ने होमगार्ड सेवा कैडर में कंपनी कमांडर (गुलम सेनापति) के पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है। गृह विभाग के विशेष शाखा के तहत कुल 65 पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं। सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे ग्रेजुएट युवाओं के लिए यह एक सुनहरा अवसर है।
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 30 जून 2026 से शुरू होगी और आवेदन करने की आखिरी तारीख 30 जुलाई 2026 तय की गई है। आयु और शैक्षणिक योग्यता के लिए 1 अगस्त 2025 की तारीख को कट-ऑफ माना जाएगा। आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों को BPSSC की आधिकारिक वेबसाइट bpssc.bihar.gov.in पर जाना होगा।
योग्यता और वेतन का विवरण
इन पदों पर चयनित होने वाले उम्मीदवारों को 7वें केंद्रीय वेतन आयोग के अनुसार पे लेवल-6 की सैलरी मिलेगी। भत्तों को मिलाकर महीने की अनुमानित सैलरी 35,400 रुपये से 64,000 रुपये के बीच हो सकती है। आवेदन के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएट होना जरूरी है।
| श्रेणी | आयु सीमा (01/08/2025 तक) |
|---|---|
| अनारक्षित (पुरुष) | 20 से 37 वर्ष |
| अनारक्षित (महिला) | 20 से 40 वर्ष |
| BC / EBC (पुरुष और महिला) | 20 से 40 वर्ष |
| SC / ST (सभी जेंडर) | 20 से 42 वर्ष |
सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 100 रुपये रखा गया है, जिसे ऑनलाइन जमा करना होगा।
चयन प्रक्रिया और शारीरिक मानक
चयन के लिए उम्मीदवारों को पहले प्रारंभिक लिखित परीक्षा देनी होगी, जिसमें सामान्य ज्ञान और करंट अफेयर्स के 100 सवाल होंगे। इसके बाद मुख्य परीक्षा होगी, जिसमें हिंदी का एक क्वालीफाइंग पेपर और सामान्य अध्ययन का एक पेपर होगा। मुख्य परीक्षा के दूसरे पेपर के अंकों के आधार पर ही मेरिट लिस्ट तैयार की जाएगी।
शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) के नियम
- ऊंचाई: सामान्य/BC पुरुष 165 सेमी, EBC/SC/ST पुरुष 160 सेमी और महिलाओं के लिए 155 सेमी।
- सीना (केवल पुरुष): सामान्य/BC/EBC के लिए 81-86 सेमी और SC/ST के लिए 79-84 सेमी।
- दौड़: पुरुषों को 1.6 किमी 6 मिनट 30 सेकंड में और महिलाओं को 1 किमी 6 मिनट में पूरा करना होगा।
- अन्य: हाई जंप, लॉन्ग जंप और शॉट पुट की परीक्षा भी होगी जो केवल क्वालीफाइंग होगी।
अंत में मेडिकल जांच और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के बाद अंतिम चयन किया जाएगा। बिहार की महिला उम्मीदवारों के लिए 35% क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान है।