Bihar में BPSC TRE-4 नोटिफिकेशन के लिए छात्रों की चेतावनी, 5 दिन में विज्ञप्ति नहीं आई तो होगा महा आंदोलन

Patna: बिहार में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे हजारों छात्र एक बार फिर सड़कों पर उतरने को तैयार हैं। BPSC TRE-4 के नोटिफिकेशन में हो रही देरी से नाराज छात्रों ने राज्य सरकार को अंतिम चेतावनी दी है। छात्र नेता दिलीप कुमार

Patna: बिहार में शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे हजारों छात्र एक बार फिर सड़कों पर उतरने को तैयार हैं। BPSC TRE-4 के नोटिफिकेशन में हो रही देरी से नाराज छात्रों ने राज्य सरकार को अंतिम चेतावनी दी है। छात्र नेता दिलीप कुमार ने साफ कहा है कि अगर अगले 4 से 5 दिनों के भीतर नोटिफिकेशन जारी नहीं हुआ, तो पूरे राज्य में महा आंदोलन शुरू किया जाएगा।

छात्रों का आरोप है कि भर्ती प्रक्रिया में जानबूझकर देरी की जा रही है। चर्चा है कि शिक्षा विभाग द्वारा BPSC को भेजी गई रिक्विजिशन में कुछ गलतियां थीं, जिसकी वजह से उसे वापस कर दिया गया। हालांकि, शिक्षा विभाग या BPSC की तरफ से इस बात की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है कि गलती क्या थी या संशोधित लिस्ट कब भेजी जाएगी। छात्र नेता दिलीप कुमार ने इस मुद्दे पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं।

सरकारी आंकड़ों की बात करें तो डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने पहले बताया था कि 32,388 शिक्षक पदों को भरने के लिए BPSC को मांग भेजी जा चुकी है। सरकार का लक्ष्य अगले पांच सालों में एक लाख शिक्षकों की भर्ती करना है, जिसके तहत हर साल जुलाई में 20 हजार से ज्यादा पदों का नोटिफिकेशन निकालने की योजना है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने भी तैयारी शुरू होने की बात कही थी और जिलों से रिक्त पदों का ब्योरा मांगा था।

उम्मीद है कि BPSC TRE-4 का आधिकारिक नोटिफिकेशन अगस्त 2026 में जारी हो जाएगा और भर्ती प्रक्रिया इसी महीने से शुरू होगी। जानकारी के मुताबिक, TRE-4 की परीक्षा 22 सितंबर से 27 सितंबर 2026 के बीच आयोजित की जा सकती है। इस बीच BPSC ने छात्रों को सोशल मीडिया पर चल रहे फर्जी नोटिफिकेशन से बचने और केवल आधिकारिक वेबसाइट पर भरोसा करने की सलाह दी है।