Bihar के बिहटा में पूर्व मुखिया की संदिग्ध मौत पर बवाल, सड़क जाम कर प्रदर्शन

पटना/बिहटा : पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के राघोपुर गांव में शुक्रवार सुबह एक पूर्व मुखिया का शव मिलने से इलाके में भारी तनाव फैल गया। राहू पंचायत के पूर्व मुखिया संजय कुमार यादव का शव एक खेत में बोरवेल के पास मिला,

पटना/बिहटा : पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र के राघोपुर गांव में शुक्रवार सुबह एक पूर्व मुखिया का शव मिलने से इलाके में भारी तनाव फैल गया। राहू पंचायत के पूर्व मुखिया संजय कुमार यादव का शव एक खेत में बोरवेल के पास मिला, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने हत्या का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।

शव मिलने की खबर फैलते ही आक्रोशित लोग बिक्रम-बिहटा मुख्य मार्ग (SH-2) पर उतर आए और सड़क जाम कर दी। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर टायर जलाकर आगजनी की और आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि परिजनों ने शुरू में शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने से भी मना कर दिया। हंगामे को देखते हुए पटना ट्रैफिक डीएसपी और दानापुर डीएसपी समेत बिहटा, आईआईटी अमहारा, मनेर और नेउरा थानों की पुलिस टीमों को मौके पर तैनात करना पड़ा, जिसके बाद यातायात को धीरे-धीरे बहाल किया गया।

परिजनों का आरोप है कि संजय यादव की गला दबाकर हत्या की गई है और इसके पीछे जमीन विवाद या कोई बड़ी साजिश हो सकती है। मृतक की बहन ने बिहटा पुलिस और अल्हनपुरा गांव के एक व्यक्ति गुड्डू पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों ने पुलिस के सामने तीन लोगों पर हत्या की आशंका जताई है।

दूसरी तरफ, बिहटा थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि शव पर पहली नजर में कोई बाहरी चोट के निशान नहीं दिखे हैं। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की जांच के बाद ही पता चलेगी। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं और सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, संजय कुमार यादव के खिलाफ आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मामले दर्ज थे और वह काफी समय से फरार चल रहे थे। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या उनकी मौत का संबंध उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड या किसी रंजिश से है। फिलहाल इलाके में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात है।