Bihar में फेसबुक लाइव पर पुलिस को चुनौती देने वाला युवक एनकाउंटर में ढेर, शाहपुर SHO समेत कई पुलिसकर्मी निलंबित

Bhojpur: बिहार के भोजपुर जिले में एक युवक की पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई। यह युवक फेसबुक लाइव पर आकर पुलिस को चुनौती दे रहा था। इस पूरे मामले में बड़ी लापरवाही सामने आने के बाद शाहपुर थानाध्यक्ष समेत कई पुलिसकर्मियों को

Bhojpur: बिहार के भोजपुर जिले में एक युवक की पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई। यह युवक फेसबुक लाइव पर आकर पुलिस को चुनौती दे रहा था। इस पूरे मामले में बड़ी लापरवाही सामने आने के बाद शाहपुर थानाध्यक्ष समेत कई पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है।

घटना 17 जून की है जब शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलाउंटि गांव के रहने वाले 24 वर्षीय भरत भूषण तिवारी ने फेसबुक लाइव किया। वीडियो में वह पिस्टल लहराते हुए पुलिस को चुनौती दे रहा था और फायरिंग भी की। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो दोनों तरफ से गोलीबारी हुई, जिसमें भरत तिवारी के दोनों पैरों में गोली लगी। उसे इलाज के लिए पहले आरा सदर अस्पताल और फिर पटना के PMCH भेजा गया, जहां उसकी मौत हो गई। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, एक मैगजीन और दो खाली खोखे बरामद किए हैं।

इस घटना के बाद प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। शाहपुर SHO राजेश कुमार मालाकर को ड्यूटी में गंभीर लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। भोजपुर SP राज ने बताया कि आरोपी का वीडियो वायरल होने के बाद भी SHO ने समय रहते स्थिति को नियंत्रित नहीं किया। DIG डॉ. सत्यप्रकाश ने SP की सिफारिश पर SHO के साथ-साथ एक सब-इंस्पेक्टर और एक कांस्टेबल समेत कुल 5 से 6 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने का आदेश दिया है।

दूसरी तरफ, मृतक के परिवार ने इस एनकाउंटर को फर्जी बताया है। परिजनों का आरोप है कि भरत ने हथियार फेंककर सरेंडर कर दिया था, फिर भी उसे चार गोलियां मारी गईं। गुरुवार सुबह परिजनों और ग्रामीणों ने भरत के शव के साथ आरा-बक्सर फोरलेन (NH-922) जाम कर दिया और जांच की मांग की। भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। फिलहाल इस पूरे मामले की मजिस्ट्रेट जांच चल रही है और भोजपुर SP ने कहा है कि एनकाउंटर की रिपोर्ट NHRC (राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग) को भेजी जा रही है।