Bihar में BDO की पत्नी की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया जहर देकर हत्या का आरोप
Bihar/Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर में दरभंगा के जाले प्रखंड के BDO मनोज कुमार की 29 वर्षीय पत्नी अमृता कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. यह घटना शुक्रवार रात मिठनपुरा थाना क्षेत्र के बेला कन्हौली मोड़ स्थित उन
Bihar/Muzaffarpur: मुजफ्फरपुर में दरभंगा के जाले प्रखंड के BDO मनोज कुमार की 29 वर्षीय पत्नी अमृता कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. यह घटना शुक्रवार रात मिठनपुरा थाना क्षेत्र के बेला कन्हौली मोड़ स्थित उनके घर की है. इस घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और मृतका के परिवार ने गंभीर आरोप लगाए हैं.
मृतका की मां और परिजनों का कहना है कि मनोज कुमार का किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध था. जब अमृता ने इसका विरोध किया, तो उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा. परिजनों ने आरोप लगाया है कि शुक्रवार रात विवाद के बाद पति मनोज कुमार ने अपनी मां और बहन के साथ मिलकर अमृता को जहर दे दिया. उनका यह भी कहना है कि मनोज कुमार ने शव को मुजफ्फरपुर सदर अस्पताल परिसर में छोड़ दिया और वहां से फरार हो गए.
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि BDO मनोज कुमार अपनी पहुंच का इस्तेमाल कर पुलिस को प्रभावित कर रहे हैं, जिसकी वजह से FIR दर्ज करने में देरी हो रही है. बताया जा रहा है कि अमृता और मनोज की शादी 2023 में हुई थी और शादी के कुछ समय बाद से ही उसे प्रताड़ित किया जा रहा था.
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को मौके पर बुलाया है ताकि वैज्ञानिक सबूत जुटाए जा सकें. मिठनपुरा थानाध्यक्ष अजय कुमार और एएसपी नगर सुरेश कुमार ने बताया कि पुलिस परिजनों के लिखित आवेदन का इंतजार कर रही है, जिसके बाद प्राथमिकी दर्ज की जाएगी. पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगी और फिलहाल सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.