Bihar के बांकीपुर उपचुनाव के बीच प्रशांत किशोर के होटल पहुंची पटना पुलिस, जन सुराज ने लगाया दबाव बनाने का आरोप
Bihar/Patna: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर के होटल तक पटना पुलिस के पहुंचने और पार्टी कार्यकर्ताओं के घरों पर छापेमारी की खबर सामने आई
Bihar/Patna: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर के होटल तक पटना पुलिस के पहुंचने और पार्टी कार्यकर्ताओं के घरों पर छापेमारी की खबर सामने आई है। जन सुराज ने इन कार्रवाइयों को चुनाव प्रभावित करने और पार्टी पर दबाव बनाने की कोशिश बताया है।
घटना 22 जुलाई 2026 की है जब जन सुराज पार्टी ने आरोप लगाया कि पटना पुलिस ने उनके अधिकारियों और कार्यकर्ताओं के ठिकानों पर छापेमारी की। पार्टी का कहना है कि यह सब बांकीपुर उपचुनाव के बीच किया जा रहा है ताकि उनके चुनाव प्रचार में बाधा डाली जा सके। बता दें कि बांकीपुर सीट से प्रशांत किशोर उम्मीदवार हैं और 30 जुलाई 2026 को यहां मतदान होना है। प्रशांत किशोर ने 13 जुलाई को अपना नामांकन दाखिल किया था।
दूसरी तरफ, बिहार बीजेपी ने चुनाव आयोग में प्रशांत किशोर और जन सुराज के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। बीजेपी का आरोप है कि जन सुराज ने चुनाव खर्च की तय सीमा 40 लाख रुपये से कहीं ज्यादा, यानी करोड़ों रुपये खर्च किए हैं। बीजेपी ने दावा किया कि सोशल मीडिया कैंपेन और फर्जी बॉट अकाउंट्स के लिए Simple Sense Analytics Private Limited और News LightHouse LLP जैसी प्रॉक्सी कंपनियों का इस्तेमाल किया गया। बीजेपी ने इस पूरे वित्तीय मामले की जांच ED जैसी एजेंसियों से कराने की मांग की है।
इन आरोपों के बीच प्रशांत किशोर ने अपनी पदयात्रा के दौरान कहा कि बीजेपी बांकीपुर को अपना गढ़ मानती थी लेकिन अब वह जन सुराज की मेहनत से घबराई हुई है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है जब बीजेपी के बड़े नेता बांकीपुर में घर-घर जाकर प्रचार कर रहे हैं। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई और बीजेपी की शिकायतों ने चुनाव से पहले माहौल को गर्मा दिया है।