Bihar के बांका में डबल मर्डर के शूटर का एनकाउंटर, पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

Bihar/Banka: बांका पुलिस ने डबल मर्डर मामले के मुख्य शूटर सचिन सिंह को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार सुबह हथियार बरामदगी के दौरान हुई इस फायरिंग में शूटर के पैर में गोली लगी। पुलिस ने मौके से हत्या में इस

Bihar/Banka: बांका पुलिस ने डबल मर्डर मामले के मुख्य शूटर सचिन सिंह को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। शनिवार सुबह हथियार बरामदगी के दौरान हुई इस फायरिंग में शूटर के पैर में गोली लगी। पुलिस ने मौके से हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्तौल भी बरामद कर ली है।

यह पूरा मामला 5 जुलाई 2026 को अमरपुर थाना क्षेत्र के बलिया संथाली टोला में हुए डबल मर्डर से जुड़ा है। इस हत्याकांड में गुंजन सिंह और सिंधु कुमार की मौत हो गई थी। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य साजिशकर्ता सोमनाथ सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य शूटर सचिन सिंह को 10 जुलाई को रांची के एक होटल से पकड़ा गया था।

बांका एसपी अमितेश कुमार ने बताया कि जब पुलिस सचिन सिंह को हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए बलिया गांव के पास जंगल में ले गई, तब उसने भागने की कोशिश की। इस दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी, जिसके जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में फायरिंग की और सचिन के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को पहले बांका सदर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल (JLNMCH) रेफर कर दिया गया है।

शुरुआती जांच में इस हत्याकांड की वजह पुरानी रंजिश और वर्चस्व की लड़ाई बताई जा रही है। बताया गया है कि पीड़ितों को शराब पार्टी के बहाने बुलाकर इस साजिश को अंजाम दिया गया था। पुलिस अब इस मामले में उस तीसरे व्यक्ति की तलाश कर रही है जो हत्या के समय पीड़ितों के साथ मौजूद था। पुलिस टीम साजिश में शामिल अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।