Bihar के बगहा में घर में घुसा 10 फीट लंबा किंग कोबरा, ‘स्नेक लेडी’ जानकी देवी ने किया सुरक्षित रेस्क्यू
Bihar/West Champaran : बिहार के बगहा जिले के बिसाहा गाँव में उस समय हड़कंप मच गया जब मुन्नी लाल नाम के व्यक्ति के घर में करीब 10 फीट लंबा जहरीला किंग कोबरा घुस आया। सांप को देखते ही इलाके के लोग डर गए और तुरंत इसकी सूचना
Bihar/West Champaran : बिहार के बगहा जिले के बिसाहा गाँव में उस समय हड़कंप मच गया जब मुन्नी लाल नाम के व्यक्ति के घर में करीब 10 फीट लंबा जहरीला किंग कोबरा घुस आया। सांप को देखते ही इलाके के लोग डर गए और तुरंत इसकी सूचना स्थानीय ‘स्नेक लेडी’ जानकी देवी को दी गई। जानकी देवी ने मौके पर पहुँचकर बड़ी कुशलता से सांप को पकड़ा और उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया।
55 वर्षीय जानकी देवी पिछले 40 सालों से बिना किसी फीस के सांपों को बचाने का काम कर रही हैं। उन्हें इलाके में ‘सर्प मित्र’ और ‘स्नेक लेडी’ के नाम से जाना जाता है। जानकी देवी अब तक हजारों सांपों का रेस्क्यू कर चुकी हैं। उनके साहस की बात यह है कि वह अब तक 50 से ज्यादा बार सांपों के डसने का शिकार हो चुकी हैं, लेकिन उन पर इसका कोई गंभीर असर नहीं हुआ। सांपों को बचाने के अलावा वह गर्भवती महिलाओं की डिलीवरी में भी मदद करती हैं।
जानकारों का कहना है कि मानसून के मौसम में नेपाल से आने वाली नदियों का जलस्तर बढ़ जाता है, जिससे मैदानी इलाकों में पानी भर जाता है। इसी वजह से सांप और अन्य वन्यजीव सुरक्षित ठिकानों की तलाश में रिहायशी इलाकों और घरों की तरफ रुख कर रहे हैं।
जानकी देवी के हुनर को देखकर करीब 10-15 साल पहले Discovery Channel ने उन्हें नौकरी का ऑफर दिया था, लेकिन पारिवारिक जिम्मेदारियों की वजह से उन्होंने इसे मना कर दिया। पहले वन विभाग के पास प्रशिक्षित स्नेक कैचर नहीं होते थे, इसलिए अधिकारी खुद उन्हें बुलाते थे। हालांकि अब वन विभाग ने उन्हें आधिकारिक तौर पर सांप पकड़ने से रोक दिया है, फिर भी वह लोगों को जागरूक करने का काम जारी रखे हुए हैं।
बिहार सरकार ने अप्रैल 2022 में सर्पदंश से होने वाली मौतों को प्राकृतिक आपदा की श्रेणी में रखा है, जिसके तहत मृतक के परिजनों को 4 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाती है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सांपों को मारें नहीं और मदद के लिए हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क करें। मुजफ्फरपुर वन प्रमंडल के लिए 9431077676 और भागलपुर वन प्रमंडल के लिए 9155099994 नंबर जारी किया गया है।