Bihar में सड़क हादसे में 3 महिला मजदूरों की मौत, ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटकर गड्ढे में गिरी

Araria: बिहार के अररिया जिले में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ धान की रोपनी के लिए जा रही महिला मजदूरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में पलट गई। इस हादसे में तीन

Araria: बिहार के अररिया जिले में मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ धान की रोपनी के लिए जा रही महिला मजदूरों से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में पलट गई। इस हादसे में तीन महिला मजदूरों की जान चली गई और एक दर्जन से ज्यादा महिलाएं घायल हो गईं।

यह घटना भरगामा थाना क्षेत्र के सिरसिया हनुमानगंज गांव में हुई। जानकारी के मुताबिक, ट्रैक्टर-ट्रॉली परिहारी वितरणी नहर के पश्चिमी किनारे पर चल रही थी, तभी अचानक ब्रेक फेल होने की वजह से चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन गड्ढे में जा गिरा। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला।

मृतकों की पहचान सिरसिया कला वार्ड संख्या-4 की निवासी मीरा देवी, नैना देवी और रंजू देवी के रूप में हुई है। इन सभी की उम्र 35 से 40 वर्ष के बीच थी। दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक महिला ने भरगामा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

घायलों में से कुछ की हालत गंभीर है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए उच्च केंद्रों पर रेफर किया गया है। अन्य घायलों का इलाज अररिया सदर अस्पताल और स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही फारबिसगंज SDPO राजकिशोर प्रसाद और भरगामा थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अंचल अधिकारी पूजा कुमारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और हादसे के सभी पहलुओं को देखा जा रहा है। स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को हरसंभव मदद देने का भरोसा दिया है। इस हादसे के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।