Bihar में खेती के लिए मिलेंगे आधुनिक यंत्र, सरकार दे रही है 80% तक सब्सिडी, ऐसे करें आवेदन

Bihar: बिहार सरकार राज्य के किसानों को खेती की पुरानी तकनीक से निकालकर आधुनिक बनाने की तैयारी में है। इसके लिए कृषि यंत्रीकरण योजना 2025 शुरू की गई है, जिसके तहत किसानों को 91 तरह के कृषि यंत्रों पर भारी सब्सिडी दी जा रह

Bihar: बिहार सरकार राज्य के किसानों को खेती की पुरानी तकनीक से निकालकर आधुनिक बनाने की तैयारी में है। इसके लिए कृषि यंत्रीकरण योजना 2025 शुरू की गई है, जिसके तहत किसानों को 91 तरह के कृषि यंत्रों पर भारी सब्सिडी दी जा रही है। इस कदम से खेती का काम आसान होगा और लागत में भी कमी आएगी।

इस योजना के तहत सामान्य वर्ग के किसानों को 40% से 50% तक की सब्सिडी मिलेगी। वहीं, एससी और एसटी वर्ग के किसानों के लिए यह लाभ 60% से 80% तक होगा। खास बात यह है कि बांका, जमुई, रोहतास, पश्चिम चंपारण और गया जिलों के पट्टाधारक किसानों को 90% तक का अनुदान दिया जाएगा। लाभार्थियों का चुनाव पूरी तरह पारदर्शी रखने के लिए ऑनलाइन लॉटरी सिस्टम का इस्तेमाल किया जाएगा।

सरकार ने बजट में भी इसके लिए बड़े प्रावधान किए हैं। अगले वित्तीय वर्ष में कृषि यंत्रों पर 250 करोड़ रुपये से अधिक की सब्सिडी देने का प्रस्ताव है। वहीं, चालू साल में 186 करोड़ रुपये का अनुदान कृषि यंत्रों की खरीद और कस्टम हायरिंग सेंटर बनाने के लिए दिया जा रहा है। सितंबर 2024 में ही 87,526 यंत्रों के वितरण के लिए 144.03 करोड़ रुपये खर्च किए गए, जिससे हजारों किसानों को मदद मिली।

इतना ही नहीं, किसानों को फसल रखने और बेचने में आसानी हो, इसके लिए 24 करोड़ रुपये की एक अलग योजना को मंजूरी मिली है। इसके जरिए राज्य में 305 भंडारण गोदाम और 400 पक्के थ्रेसिंग फ्लोर बनाए जाएंगे। कृषि विभाग के सचिव ने निर्देश दिए हैं कि यंत्र बनाने वाली कंपनियां समय पर सर्विस और स्पेयर पार्ट्स उपलब्ध कराएं और सभी यंत्रों पर अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP) जरूर लिखें।

जो किसान इस योजना का लाभ लेना चाहते हैं, वे OFMAS पोर्टल (farmech.bihar.gov.in) पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए पहचान पत्र, बैंक खाता पासबुक और जमीन के कागजात साथ रखना जरूरी है। आवेदन करने की आखिरी तारीख 31 अक्टूबर 2025 तय की गई है।