Bihar में भूमिहीनों को मिल रहा अपना घर, अभियान बसेरा-2 के तहत 30,000 परिवारों को मिलेंगे जमीन के पर्चे
Bihar: बिहार सरकार राज्य के गरीब और भूमिहीन परिवारों को रहने के लिए जमीन देने की बड़ी तैयारी में है। अभियान बसेरा-2 के जरिए सरकार करीब 30,000 ऐसे परिवारों को बासगीत पर्चा या बंदोबस्ती प्रमाण पत्र देगी, जिनके पास अपना घर
Bihar: बिहार सरकार राज्य के गरीब और भूमिहीन परिवारों को रहने के लिए जमीन देने की बड़ी तैयारी में है। अभियान बसेरा-2 के जरिए सरकार करीब 30,000 ऐसे परिवारों को बासगीत पर्चा या बंदोबस्ती प्रमाण पत्र देगी, जिनके पास अपना घर बनाने के लिए जमीन नहीं है। इस पहल से उन लोगों को सीधा फायदा होगा जो लंबे समय से बेघर थे।
राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल ने बताया कि 15 अगस्त से पूरे बिहार में यह अभियान शुरू किया गया है, जो एक महीने तक चलेगा। उन्होंने कहा कि एक साथ इतनी बड़ी संख्या में भूमिहीनों को जमीन का मालिकाना हक देना देश में पहली बार हो रहा है। ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार के मुताबिक, जमीन मिलने के बाद ये परिवार अपना घर बना सकेंगे और सरकारी योजनाओं का लाभ उठा पाएंगे।
इस योजना के तहत पात्र परिवारों को अधिकतम 5 डिसमिल तक की आवासीय जमीन दी जाएगी। यह जमीन सिर्फ घर बनाने के लिए होगी, इसका इस्तेमाल खेती या व्यापार के लिए नहीं किया जा सकेगा। अगर कोई लाभार्थी इन शर्तों को तोड़ता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए अंचलाधिकारी पात्र लोगों की सूची तैयार कर रहे हैं, जिसे अभियान बसेरा पोर्टल पर दर्ज किया जा रहा है। आवेदन के लिए आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, राशन कार्ड और भूमिहीन होने का शपथ पत्र जरूरी है।
हालिया आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम चंपारण में 80 और किशनगंज के कोचाधामन प्रखंड में 31 भूमिहीन परिवारों को जमीन का पर्चा मिला है। इससे पहले 25 जुलाई तक राज्य में 5,446 परिवारों को आवंटन प्रमाण पत्र दिए जा चुके थे।