Bhojpur में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा, वार्ड सदस्य समेत 4 लोगों की मौत
Bhojpur: बिहार के भोजपुर जिले में सोमवार सुबह बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की जान चली गई। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं में एक वार्ड सदस्य और तीन किसान शामिल हैं, जबकि तीन अन्य लोग गं
Bhojpur: बिहार के भोजपुर जिले में सोमवार सुबह बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की जान चली गई। जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई इन घटनाओं में एक वार्ड सदस्य और तीन किसान शामिल हैं, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। इस हादसे के बाद प्रभावित गांवों में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आयर थाना क्षेत्र के असुधन मठिया गांव में धान की रोपनी के दौरान बिजली गिरने से बरनांव पंचायत के वार्ड संख्या-11 के निर्वाचित सदस्य 45 वर्षीय भिखारी सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। इसी घटना में 50 वर्षीय ललन सिंह और उनकी पत्नी 40 वर्षीय शिवकुमारी देवी गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गड़हनी थाना क्षेत्र के मदुरी गांव में खेत में धान रोप रही 18 वर्षीय नंदनी कुमारी की आकाशीय बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई। इस हादसे में उसकी 15 वर्षीय छोटी बहन चांदनी कुमारी और गांव की एक अन्य किशोरी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
इसके अलावा चरपोखरी थाना क्षेत्र के खराटी गांव में रोपनी कर रहे 33 वर्षीय किसान गोविंद कुमार और हसन बाजार थाना क्षेत्र के बसमनपुर गांव में खेत में काम कर रहे 57 वर्षीय किसान जमींदार सिंह की भी बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई।