Chhattisgarh: लखनऊ अग्निकांड के बाद भिलाई में प्रशासन सख्त, 4 कोचिंग सेंटर सील और 62 को नोटिस

Chhattisgarh/Bhilai: लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद छत्तीसगढ़ प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आदेश पर पूरे राज्य में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा जांच शुरू की गई है। इसी कड़ी में दुर्ग और भिलाई में बड

Chhattisgarh/Bhilai: लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद छत्तीसगढ़ प्रशासन अलर्ट मोड पर है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आदेश पर पूरे राज्य में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा जांच शुरू की गई है। इसी कड़ी में दुर्ग और भिलाई में बड़े पैमाने पर कार्रवाई हुई है, जहां सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले कई संस्थानों पर गाज गिरी है।

भिलाई नगर पालिक निगम, पुलिस और अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम ने सिविक सेंटर, सेक्टर-10, सुपेला, रिसाली और नेहरू नगर जैसे इलाकों में निरीक्षण किया। जांच के दौरान पाया गया कि कई कोचिंग सेंटरों में आग से बचने के इंतजाम नहीं थे और न ही वहां आपातकालीन निकास (Emergency Exit) की व्यवस्था थी। प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि छात्रों की सुरक्षा के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस कार्रवाई में मोशन कोटा, वेदांतु, रामा कोचिंग और कैड एकेडमी जैसे कोचिंग सेंटरों को सील कर दिया गया है। कमांडेंट नागेंद्र सिंह ने बताया कि ज्यादातर संस्थानों में वेंटिलेशन सिस्टम खराब था और खिड़कियां फिक्स थीं, जिससे हादसे के वक्त बाहर निकलना मुश्किल होता। कई संस्थानों के पास भवन निर्माण की अनुमति और जरूरी लाइसेंस भी नहीं मिले।

प्रशासन ने केवल कोचिंग ही नहीं, बल्कि बड़े होटल, नर्सिंग होम, शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और प्लेग्रुप स्कूलों की भी जांच की है। कुल 10 से अधिक संस्थानों की बारीकी से जांच हुई है, जिसमें से 4 कोचिंग सेंटरों को सील किया गया और 62 अन्य संस्थानों को कमियां दूर करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। कुछ संचालकों को सुधार के लिए 24 घंटे से लेकर 7 दिन तक का समय दिया गया है।