Bhagalpur में गवाही देने जा रही महिला पर जानलेवा हमला, लोहे की रॉड से सिर फोड़ा
Bhagalpur: बिहार के भागलपुर जिले के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र में एक महिला पर जानलेवा हमला हुआ है। रंजू देवी नाम की यह महिला एक पुराने केस में गवाही देने के लिए थाने जा रही थीं, तभी उनके ससुराल वालों ने उन पर हमला कर दिया।
Bhagalpur: बिहार के भागलपुर जिले के मधुसूदनपुर थाना क्षेत्र में एक महिला पर जानलेवा हमला हुआ है। रंजू देवी नाम की यह महिला एक पुराने केस में गवाही देने के लिए थाने जा रही थीं, तभी उनके ससुराल वालों ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई हैं और उन्हें मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह पूरी घटना रविवार शाम को बेलखोरिया गांव में हुई। रंजू देवी सोमवार को मधुसूदनपुर थाने में दर्ज कांड संख्या 126/26 में गवाही देने वाली थीं। रविवार शाम छह बजे नाथनगर के सर्किल इंस्पेक्टर ने रंजू देवी के ससुराल जाकर कुछ गवाहों को थाने बुलाने की बात कही थी। महिला ने इसकी जानकारी अपने भैसुर फूलो यादव को दी, जिसके बाद यह बात उनके ससुर और देवरों तक पहुंच गई।
जानकारी मिलते ही ससुर महेंद्र यादव, देवर पंकज यादव, मंटू यादव और संटू यादव हथियारों और लोहे की रॉड के साथ महिला के कमरे में घुस गए। आरोप है कि पंकज यादव ने रंजू देवी के सिर पर लोहे की रॉड से जोरदार हमला किया, जिससे वह बेहोश हो गईं। बच्चों के शोर मचाने पर गांव के लोग वहां पहुंचे और लहूलुहान हालत में महिला को मधुसूदनपुर थाना ले गए।
थानाध्यक्ष संजय कुमार मंडल ने तुरंत महिला का इलाज शुरू कराया और उन्हें नाथनगर रेफरल अस्पताल भेजा। वहां हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। महिला के सिर में गहरी चोट आई है।
बता दें कि रंजू देवी के पति की मौत 23 दिसंबर 2025 को हुई थी। तब से ही उनके ससुर और देवर उन्हें घर से निकालने के लिए उनके साथ मारपीट कर रहे थे, जिसके खिलाफ महिला ने पहले भी प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मधुसूदनपुर थानाध्यक्ष ने कहा है कि लिखित शिकायत मिलते ही आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।