Bhagalpur के विक्रमशिला सेतु पर लगेंगे फ्लेक्सिबल डिवाइडर, ओवरटेकिंग पर लगेगी रोक और जाम से मिलेगी राहत
Bhagalpur: भागलपुर की लाइफलाइन कहे जाने वाले विक्रमशिला सेतु पर अब सफर आसान और सुरक्षित होने वाला है। प्रशासन ने सेतु पर जाम की समस्या को खत्म करने और यातायात को व्यवस्थित करने के लिए फ्लेक्सिबल डिवाइडर लगाने का काम शुरू
Bhagalpur: भागलपुर की लाइफलाइन कहे जाने वाले विक्रमशिला सेतु पर अब सफर आसान और सुरक्षित होने वाला है। प्रशासन ने सेतु पर जाम की समस्या को खत्म करने और यातायात को व्यवस्थित करने के लिए फ्लेक्सिबल डिवाइडर लगाने का काम शुरू कर दिया है। इस पहल से अनावश्यक ओवरटेकिंग पर लगाम लगेगी और वाहन चालक अपनी निर्धारित लेन में ही चलेंगे।
डिवाइडर लगाने का काम फिलहाल नवगछिया छोर से शुरू किया गया है और जल्द ही इसे पूरे सेतु पर लगाया जाएगा। ट्रैफिक डीएसपी संजय कुमार ने बताया कि पहले लेन व्यवस्था बनाए रखने के लिए रस्सी का इस्तेमाल होता था। लेकिन मोटरसाइकिल चालक अक्सर रस्सी के नीचे से निकलकर दूसरी लेन में चले जाते थे और ओवरटेक करने की कोशिश करते थे। इस वजह से न केवल ट्रैफिक बाधित होता था, बल्कि कई बार लंबा जाम भी लग जाता था। अब फ्लेक्सिबल डिवाइडर लगने से इस तरह की गड़बड़ियों पर रोक लगेगी और यातायात सुगम होगा।
इस बीच सेतु से गुजरने वाले बाइक चालकों ने प्रशासन के सामने भेदभाव का मुद्दा भी उठाया है। यात्रियों का कहना है कि भागलपुर से नवगछिया जाने वाले बाइक चालकों को आमतौर पर नहीं रोका जाता, लेकिन नवगछिया से भागलपुर आने वालों को कई बार 15 से 20 मिनट तक रोकना पड़ता है। इससे एक तरफ वाहनों का दबाव बढ़ जाता है और जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है। यात्रियों की मांग है कि दोनों तरफ समान नियम लागू हों ताकि आवाजाही बेहतर हो सके।
ट्रैफिक डीएसपी संजय कुमार ने कहा कि बाइक चालकों की इन शिकायतों को गंभीरता से लिया जा रहा है और इसकी समीक्षा की जाएगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि सेतु पर यातायात को और बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों और ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती की योजना बनाई जा रही है। प्रशासन को उम्मीद है कि फ्लेक्सिबल डिवाइडर और बढ़े हुए मानव बल की मदद से विक्रमशिला सेतु पर जाम की समस्या काफी कम होगी और लोगों को सुरक्षित यात्रा का लाभ मिलेगा।