Bihar: भागलपुर के विक्रमशिला सेतु पर आंधी में गिरा टीन शेड, पिता की मौत, बेटा घायल

Bhagalpur: भागलपुर के विक्रमशिला सेतु पर मंगलवार शाम को आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। आंधी से बचने के लिए एक अस्थायी शेड के नीचे रुके 40 वर्षीय विनय कुमार ईश्वर की मौत हो गई। यह हादसा उस

Bhagalpur: भागलपुर के विक्रमशिला सेतु पर मंगलवार शाम को आई तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। आंधी से बचने के लिए एक अस्थायी शेड के नीचे रुके 40 वर्षीय विनय कुमार ईश्वर की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब तेज हवा के झोंके से टीन शेड गिर गया और विनय के सिर पर गंभीर चोट लगी।

मृतक विनय कुमार ईश्वर नवगछिया के सोनवर्षा निवासी थे और पेशे से दूध विक्रेता थे। हादसे के वक्त वे अपने 13 साल के बेटे लक्की कुमार के साथ पुलिसकर्मियों के लिए बने अस्थायी शेड के नीचे रुके थे। इस घटना में विनय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके बेटे लक्की के पैर में चोट आई और उसे करंट का झटका भी लगा।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने शेड की गुणवत्ता पर सवाल उठाए और इसे प्रशासनिक लापरवाही बताया। परिजनों का कहना था कि अगर शेड मजबूत होता तो ऐसी घटना नहीं होती। सूचना मिलने पर जगदीशपुर के अंचलाधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच का भरोसा दिया। जिलाधिकारी के निर्देश पर बरारी कैंप थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।

इस घटना से नाराज परिजनों ने बुधवार को मायागंज अस्पताल के पास तिलकामांझी-आदमपुर मुख्य सड़क को करीब दो घंटे तक जाम रखा। पुलिस और प्रशिक्षु डीएसपी ने परिजनों को समझाकर और 4 लाख रुपये मुआवजे का आश्वासन देकर जाम खुलवाया।

वहीं मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तेज हवा, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूर रहें।