Bhagalpur में नया बिजली कनेक्शन देने के नाम पर घूस लेते JE और तकनीशियन गिरफ्तार, विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई
Bhagalpur: भागलपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार, 21 जुलाई 2026 की सुबह विजिलेंस की टीम ने तिलकामांझी चौक के पास कचहरी बिजली उपकेंद्र में छापेमारी की। इस दौरान टीम ने कनिष
Bhagalpur: भागलपुर में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। मंगलवार, 21 जुलाई 2026 की सुबह विजिलेंस की टीम ने तिलकामांझी चौक के पास कचहरी बिजली उपकेंद्र में छापेमारी की। इस दौरान टीम ने कनिष्ठ अभियंता (JE) और एक तकनीशियन को 4,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
यह पूरी कार्रवाई संतोष कुमार की शिकायत पर हुई, जो बरारी के खंजरपुर के रहने वाले हैं। संतोष ने नए बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन किया था और सभी सरकारी कागजी कार्रवाई पूरी कर ली थी, लेकिन बिना घूस दिए उनका कनेक्शन चालू नहीं किया जा रहा था। इसकी सूचना मिलने के बाद पटना से आई विजिलेंस की टीम ने जाल बिछाया और जैसे ही रिश्वत का लेन-देन हुआ, दोनों को दबोच लिया।
पकड़े गए आरोपियों में तिलकामांझी नॉर्थ सेक्शन के JE अमित कुमार और बिचौलिए की भूमिका निभाने वाले तकनीशियन सौरभ कुमार शामिल हैं। विजिलेंस DSP मिथिलेश कुमार ने टीम का नेतृत्व किया। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि तकनीशियन उपभोक्ताओं से पैसे वसूलने का काम करता था। वहीं, JE अमित कुमार ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि उन्हें फंसाया गया है।
अमित कुमार का रिकॉर्ड पहले भी विवादों में रहा है। करीब चार साल पहले बांका के कटोरिया में तैनाती के दौरान नशे की हालत में पाए जाने पर उन्हें सस्पेंड किया गया था। बाद में उन्हें दोबारा बहाल कर भागलपुर में पोस्टिंग दी गई। इस गिरफ्तारी के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम (Prevention of Corruption Act) के तहत मामला दर्ज किया गया है। अब उन्हें भागलपुर की विशेष विजिलेंस कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।