Bhagalpur में 16 वर्षीय छात्रा ने जहर खाकर दी जान, Instagram वीडियो में किरायेदारों पर लगाया प्रताड़ना का आरोप

Bhagalpur: बिहार के भागलपुर जिले के तातारपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां उर्दू बाजार स्थित काली मंदिर के पीछे एक किराए के कमरे में रहने वाली 16 साल की इंटर की छात्रा शिवानी कुमारी ने कथि

Bhagalpur: बिहार के भागलपुर जिले के तातारपुर थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां उर्दू बाजार स्थित काली मंदिर के पीछे एक किराए के कमरे में रहने वाली 16 साल की इंटर की छात्रा शिवानी कुमारी ने कथित तौर पर जहर खा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर छात्रा द्वारा पोस्ट किए गए वीडियो ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।

शिवानी ने अपनी मौत से पहले Instagram पर दो वीडियो अपलोड किए थे। इन वीडियो में उसने अपने किरायेदारों लालमोहन ठाकुर, उनकी पत्नी और उनकी बेटी जाह्नवी शर्मा पर उसे प्रताड़ित करने का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों को इस घटना की जानकारी भी सोशल मीडिया के जरिए ही मिली। जब शिवानी का भाई सत्यम और अन्य परिजन वहां पहुंचे, तो उनका आरोप है कि मकान मालिक ने जानकारी मांगने पर उनके साथ मारपीट की और उन्हें वहां से भगा दिया।

दूसरी तरफ, आरोपित जाह्नवी शर्मा ने इन सभी आरोपों को गलत बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने केवल शिवानी को देर रात बाहर रहने और बिना बताए कहीं जाने से मना किया था। जाह्नवी ने यह दावा भी किया कि शिवानी के किसी युवक के साथ प्रेम संबंध थे।

घटना की गंभीरता को देखते हुए सिटी डीएसपी-1 अजय कुमार चौधरी ने मौके का दौरा किया। पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो में किए गए आरोपों और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, शिवानी Instagram पर रील्स बनाती थी और उसके करीब 1.34 हजार फॉलोअर्स थे। वह प्रमोशनल पोस्ट के जरिए कुछ पैसे कमाती थी, जबकि उसकी पढ़ाई और रहने के खर्च के लिए उसके पिता घर से पैसे भेजते थे।