Bhagalpur में श्रावणी मेला को लेकर पुलिस अलर्ट, श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए ड्रोन और सादे कपड़ों में तैनात रहेंगे जवान

Bhagalpur: भागलपुर में श्रावणी मेला 2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमोद कुमार यादव ने सभी पुलिस अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और

Bhagalpur: भागलपुर में श्रावणी मेला 2026 को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमोद कुमार यादव ने सभी पुलिस अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कड़े निर्देश दिए हैं। मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए विशेष रणनीति तैयार की गई है ताकि कांवड़ियों को किसी तरह की परेशानी न हो।

SSP प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने खुद सुल्तानगंज के विभिन्न गंगा घाटों और अस्थायी पुलिस थानों का निरीक्षण किया। सुरक्षा के लिए ड्रोन से निगरानी रखी जाएगी और पुलिसकर्मी सादे कपड़ों में, यहाँ तक कि ‘बोल बम’ और कांवड़िया के लिबास में भी तैनात रहेंगे ताकि असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके। साथ ही, संवेदनशील जगहों पर लगातार पेट्रोलिंग होगी और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने कई खास इंतजाम किए हैं। सड़कों पर तपती गर्मी से राहत दिलाने के लिए कई जगहों पर चूना और सफेद पेंट का छिड़काव किया जाएगा ताकि नंगे पैर चलने वाले शिवभक्तों को दिक्कत न हो। नगर निगम को सभी CCTV कैमरे चालू रखने और उनका फुटेज कंट्रोल सेंटर तक पहुँचाने को कहा गया है। भीड़ को संभालने के लिए मेला क्षेत्र में 15 से 16 सहायक पुलिस स्टेशन और ट्रैफिक पुलिस स्टेशन बनाए जा रहे हैं।

ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर सुल्तानगंज रूट और देवघर जाने वाले रास्ते पर भारी वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित किया गया है। भागलपुर और अजगैबीनथ धाम रेलवे स्टेशनों पर विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं और 24 घंटे मेडिकल सुविधा उपलब्ध रहेगी। श्रद्धालुओं के लिए पीने के पानी, साफ-सफाई, शौचालय और रोशनी जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी ख्याल रखा गया है।

रेंज IG विवेक कुमार ने भागलपुर और बांका जिले के पुलिस अधीक्षकों को संवेदनशील रास्तों और विश्राम स्थलों पर अतिरिक्त बल तैनात करने को कहा है। DM अलंकृता पांडेय और SSP ने एक उच्च स्तरीय बैठक कर यह सुनिश्चित किया कि श्रद्धालुओं का आवागमन सुगम रहे। अगर किसी श्रद्धालु को कोई समस्या होती है, तो वे डायल 112 या ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी से संपर्क कर सकते हैं।