Bhagalpur में श्रावणी मेला 2026 की तैयारी तेज, DM ने अजगैविनाथ धाम का किया निरीक्षण

Bhagalpur: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 शुरू होने में अब सिर्फ सात दिन बचे हैं। इसकी तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय ने वरीय अधिकारियों के साथ सुल्तानगंज स्थित अजगैविनाथ धाम का दौरा किया

Bhagalpur: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला 2026 शुरू होने में अब सिर्फ सात दिन बचे हैं। इसकी तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय ने वरीय अधिकारियों के साथ सुल्तानगंज स्थित अजगैविनाथ धाम का दौरा किया। उन्होंने गंगा घाट और नमामि गंगे घाट का निरीक्षण कर अधिकारियों को समय पर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के सख्त निर्देश दिए हैं।

इस साल श्रावणी मेला 30 जुलाई से शुरू होकर 28 अगस्त तक चलेगा, जबकि इसका आधिकारिक उद्घाटन 28 जुलाई को किया जाएगा। जिलाधिकारी ने साफ कहा है कि सुरक्षा, सफाई और यातायात प्रबंधन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पर्यटन सचिव लोकेश कुमार सिंह ने भी श्रद्धालुओं के लिए बेहतर सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा है। प्रशासन ने निर्देश दिया है कि अधिकांश काम 23 से 25 जुलाई तक हर हाल में पूरे कर लिए जाएं।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए इस बार कई खास इंतजाम किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने 17 जिलों से 53 विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती की है और भागलपुर सीमा में 13 हाईटेक हेल्थ कैंप बनाए जाएंगे, जहां मुफ्त दवा और एम्बुलेंस मिलेगी। रेलवे स्टेशनों पर भी 24 घंटे मेडिकल सुविधा, सीसीटीवी कैमरे और आरपीएफ व बीएमपी जवानों की तैनाती रहेगी।

मेले को भव्य बनाने के लिए सुल्तानगंज से बिहार सीमा दुम्मा तक के रास्ते को ‘शिवमय’ रूप दिया जाएगा। यहां भव्य प्रवेश द्वार, लाइट और शिव मंत्रों की गूंज रहेगी। श्रद्धालुओं के रुकने के लिए भागलपुर, बांका और मुंगेर जिलों में कुल 2650 बिस्तरों वाली टेंट सिटी बनाई जाएगी, जिसमें सुल्तानगंज परिसर में 500 बिस्तर होंगे। इन टेंट सिटी में जीविका दीदियों की रसोई भी चलेगी।

सुरक्षा के लिए 3000 से ज्यादा पुलिसकर्मी 27 जुलाई तक सुल्तानगंज पहुंच जाएंगे। पूरे इलाके में बाइक पेट्रोलिंग और सादे कपड़ों में पुलिस की टीमें तैनात रहेंगी। इसके अलावा, श्रद्धालुओं के आकर्षण के लिए ड्रोन शो, लेजर शो, फाउंटेन शो और गंगा महाआरती जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। प्रशासन ने सड़कों के गड्ढे भरने और अतिक्रमण हटाने का काम भी तेज कर दिया है।