Bhagalpur में रेडियो ऑपरेटर भर्ती परीक्षा के लिए पुलिस की सख्त तैयारी, केंद्रों पर तैनात रही भारी फोर्स

Bhagalpur: बिहार पुलिस रेडियो (तकनीकी) कैडर में 993 पदों के लिए रविवार को रेडियो ऑपरेटर भर्ती परीक्षा आयोजित की गई। इस परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए भागलपुर पुलिस ने जिले के सभी केंद्रों

Bhagalpur: बिहार पुलिस रेडियो (तकनीकी) कैडर में 993 पदों के लिए रविवार को रेडियो ऑपरेटर भर्ती परीक्षा आयोजित की गई। इस परीक्षा को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए भागलपुर पुलिस ने जिले के सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की थी। केंद्रीय चयन पर्षद (CSBC) द्वारा आयोजित इस परीक्षा में नकल रोकने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहा।

परीक्षा का समय दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे तक तय था, जिसके लिए अभ्यर्थियों को सुबह 10:00 से 11:00 बजे के बीच प्रवेश दिया गया। ठीक 11:00 बजे गेट बंद कर दिए गए थे। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए अभ्यर्थियों को पेन और प्रश्न पुस्तिका परीक्षा केंद्र पर ही दी गई, बाहर से पेन लाने की अनुमति नहीं थी।

सुरक्षा को पुख्ता करने के लिए केंद्रों पर CCTV कैमरे, बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन और मोबाइल जैमर लगाए गए थे। मोबाइल फोन, ब्लूटूथ और स्मार्टवॉच जैसे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स ले जाना पूरी तरह प्रतिबंधित था। इसके अलावा, सभी केंद्रों के 500 गज के दायरे में धारा 144 लागू की गई थी, जिससे पांच या उससे अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर रोक थी और सभी फोटोकॉपी की दुकानें बंद रखी गई थीं।

परीक्षा से एक रात पहले पुलिस ने होटलों और लॉज में सघन तलाशी अभियान चलाया था ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके। पूरे बिहार के 38 जिलों में करीब 2.83 लाख उम्मीदवारों के शामिल होने की उम्मीद थी। राज्य स्तर पर इस परीक्षा के दौरान कदाचार और फर्जीवाड़े के 17 मामले सामने आए, जिनमें 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया।

उम्मीदवारों की सुविधा के लिए गया-किउल रेल सेक्शन पर विशेष ट्रेनें भी चलाई गई थीं। गौरतलब है कि यह परीक्षा पहले 21 जून को होनी थी, लेकिन NEET (UG) 2026 की दोबारा परीक्षा के साथ तारीख टकराने के कारण इसे बदलकर 28 जून किया गया था।