Bhagalpur में पोल्ट्री फार्म के अंदर बन रहा था नशा, पुलिस ने 12 किलो से ज्यादा ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को पकड़ा
Bhagalpur: भागलपुर जिले के शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक पोल्ट्री फार्म में छापेमारी कर भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद की है और एक तस्कर को गिरफ्तार कि
Bhagalpur: भागलपुर जिले के शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने एक पोल्ट्री फार्म में छापेमारी कर भारी मात्रा में ब्राउन शुगर बरामद की है और एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह पूरा ऑपरेशन नगर पुलिस अधीक्षक की देखरेख में चलाया गया था।
पुलिस की यह छापेमारी करिकाडो गांव में स्थित एक पोल्ट्री फार्म में हुई। जांच में पता चला कि इस फार्म का इस्तेमाल ब्राउन शुगर बनाने और उसकी पैकिंग करने के लिए किया जा रहा था। पुलिस ने मौके से मोहम्मद रब्बानी को गिरफ्तार किया है, जो करिकाडो गांव का ही रहने वाला है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 263 ग्राम तैयार ब्राउन शुगर और 12.100 किलोग्राम अर्धनिर्मित ब्राउन शुगर बरामद की है, जो नशा बनाने में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल था।
इस कार्रवाई का नेतृत्व कहलगांव के SDPO और शिवनारायणपुर थाना प्रभारी अमित कुमार ने किया। पुलिस ने मौके से नशा बनाने और तौलने के सामान भी जब्त किए हैं, जिनमें तीन डिजिटल इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन, तीन मोबाइल फोन, 100 प्लास्टिक पैकेट और एक पैकेट सीलिंग मशीन शामिल है। बरामद किए गए नशे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज कर ली गई है। इस धंधे में तीन अन्य लोग भी शामिल थे जो छापेमारी के दौरान भागने में सफल रहे। पुलिस उन फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है ताकि पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके।