Bhagalpur में NEET प्रोटेस्ट को लेकर पुलिस अलर्ट, संवेदनशील इलाकों में भारी बल तैनात
Bhagalpur: नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक के बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा है। इसे देखते हुए भागलपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिले के सभी संवेदनशील इलाकों और प्रमुख चौराहों पर भारी संख्या में पुलिस बल और अधिकारियो
Bhagalpur: नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक के बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा है। इसे देखते हुए भागलपुर पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। जिले के सभी संवेदनशील इलाकों और प्रमुख चौराहों पर भारी संख्या में पुलिस बल और अधिकारियों की तैनाती की गई है ताकि कानून-व्यवस्था बनी रहे।
स्थिति को संभालने के लिए एसडीएम और डीएसपी खुद सड़कों पर उतरकर गश्त कर रहे हैं। भागलपुर के एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने आम लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। उन्होंने साफ कहा कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर बिना जांचे कोई भी जानकारी शेयर न करें। एसएसपी ने बताया कि जरूरत पड़ने पर और ज्यादा पुलिस बल बुलाया जा सकता है।
बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत और डीजीपी विनय कुमार ने 24 जुलाई को एक हाई-लेवल मीटिंग की। इसमें सभी डीएम और एसपी को निर्देश दिया गया कि वे सतर्क रहें और दंगा नियंत्रण उपकरणों को तैयार रखें। अधिकारियों को यह भी कहा गया कि वे छात्रों के साथ सीधा संवाद करें ताकि मामला बातचीत से सुलझ सके।
बिहार के हालात काफी तनावपूर्ण हैं, जिसके कारण 18 जिलों में पुलिसकर्मियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। राज्य पुलिस ने हिंसा में शामिल 117 संदिग्धों की तस्वीरें जारी कर जनता से उनकी पहचान करने में मदद मांगी है। इससे पहले 23 जुलाई को भागलपुर में कांग्रेस नेताओं ने कलेक्ट्रेट गेट पर प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
बिहार के कई जिलों जैसे कटिहार, दरभंगा और बेगूसराय में प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हिंसक झड़पें भी हुई हैं। पटना में 40 से ज्यादा छात्रों को हिरासत में लिया गया है और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप में 600 से अधिक अज्ञात लोगों पर केस दर्ज किया गया है। डीजीपी विनय कुमार ने निर्देश दिया है कि पुलिस सतर्क रहे लेकिन इस बात का ध्यान रखे कि किसी भी निर्दोष छात्र को परेशानी न हो।