Bhagalpur में NEET UG 2026 परीक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, 15 केंद्रों पर होगी परीक्षा, DM ने दिए सख्त निर्देश

Bhagalpur: भागलपुर जिले में 22 जून 2026 को होने वाली NEET (UG) परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलमुक्त तरीके से कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने समीक्षा भवन में अधिकारियो

Bhagalpur: भागलपुर जिले में 22 जून 2026 को होने वाली NEET (UG) परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलमुक्त तरीके से कराने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने समीक्षा भवन में अधिकारियों के साथ एक हाई-लेवल मीटिंग की। इस बैठक का मुख्य मकसद परीक्षा के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकना और पारदर्शिता बनाए रखना था।

जिलाधिकारी ने साफ तौर पर कहा है कि National Testing Agency (NTA) के सभी नियमों का पालन सख्ती से किया जाए। परीक्षा 22 जून को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक एक ही शिफ्ट में होगी। इसके लिए जिले में कुल 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रशासन ने तय किया है कि हर केंद्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट, पुलिस अधिकारी और पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती होगी ताकि कोई भी बाहरी व्यक्ति या संदिग्ध अंदर न जा सके।

बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि केंद्रों के पास भीड़ नहीं जुटने दी जाएगी और ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखा जाएगा। अभ्यर्थियों की सघन तलाशी ली जाएगी और किसी भी प्रतिबंधित सामान को अंदर ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। जोनल मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने इलाकों में लगातार गश्त करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी और उनके खिलाफ सख्त एक्शन लिया जाएगा।

परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों की जांच, बिजली, पीने का पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं को पूरा करने का आदेश दिया गया है। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी का कार्यकाल समाप्त होने वाला है, लेकिन वे नई डीएम अलंकृता पांडेय को प्रभार सौंपने तक इस परीक्षा की निगरानी खुद कर रहे हैं। परीक्षा के बाद प्रश्नपत्रों और गोपनीय कागजातों को सुरक्षित तरीके से भेजने की पूरी तैयारी कर ली गई है।