Bihar: नवगछिया में सोशल मीडिया पर हथियार दिखाकर रौब जमाना पड़ा भारी, 2 शातिर गिरफ्तार

Bihar/Bhagalpur: सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज पाने के लिए अवैध हथियार लहराने वाले अपराधियों के खिलाफ नवगछिया पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। फेसबुक और इंस्टाग्राम पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद पुलिस ने जाल बिछाया और दो आ

Bihar/Bhagalpur: सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज पाने के लिए अवैध हथियार लहराने वाले अपराधियों के खिलाफ नवगछिया पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। फेसबुक और इंस्टाग्राम पर वायरल हुए एक वीडियो के बाद पुलिस ने जाल बिछाया और दो आरोपियों को धर दबोचा। पुलिस ने इनके पास से दो देसी कट्टा और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

यह पूरा मामला 7 जुलाई 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद शुरू हुआ, जिसमें एक युवक हथियार लहराते हुए दिख रहा था। इस वीडियो को संज्ञान में लेते हुए नवगछिया के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जांच शुरू की गई। इसके बाद गोपालपुर थाना पुलिस ने छापेमारी कर 8 और 9 जुलाई 2026 को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान गोपालपुर थाना क्षेत्र के तीनटंगा करारी निवासी अनिल कुमार और तीनटंगा करारी बालू टोला निवासी सुमित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने तलाशी के दौरान अनिल कुमार के पास से एक देसी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद किए, जबकि सुमित कुमार के पास से एक देसी कट्टा और सात जिंदा कारतूस मिले। कुल मिलाकर पुलिस ने दो कट्टे और 11 कारतूस जब्त किए हैं।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ गोपालपुर थाना में कांड संख्या 234/26 और 235/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये हथियार कहां से लाए गए थे और इनका इस्तेमाल कहां किया जाना था।

पुलिस ने साफ तौर पर कहा है कि सोशल मीडिया पर अवैध हथियारों का प्रदर्शन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।