भागलपुर में 17 दिनों में दो मासूमों की हत्या, बोरे में मिला 3 साल के बच्चे का शव

भागलपुर: जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र में बच्चों की हत्या की दो घटनाओं ने लोगों को दहला दिया है। महज 17 दिनों के भीतर दो अलग-अलग मामलों में मासूम बच्चों को बेरहमी से मार दिया गया। ताज़ा मामला 30 जुलाई का है, जहाँ एक 3 साल

भागलपुर: जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र में बच्चों की हत्या की दो घटनाओं ने लोगों को दहला दिया है। महज 17 दिनों के भीतर दो अलग-अलग मामलों में मासूम बच्चों को बेरहमी से मार दिया गया। ताज़ा मामला 30 जुलाई का है, जहाँ एक 3 साल के बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी गई और शव को बोरे में बंद कर खेत में फेंक दिया गया।

घटना बुधवार रात की है जब लालूचक निवासी पंकज मंडल का 3 साल का बेटा दिव्यांशु कुमार अपनी मां सुलेखा देवी के साथ सो रहा था। रात करीब 3 बजे बच्चा अचानक लापता हो गया। गुरुवार सुबह करीब 7 बजे घर के पास ही एक खेत में प्लास्टिक के बोरे के अंदर बच्चे का शव मिला। परिजनों ने गांव के ही सुभाष नाम के व्यक्ति पर हत्या का आरोप लगाया है। सूचना मिलते ही नाथनगर थाना इंस्पेक्टर अभय शंकर और डीएसपी-2 राकेश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने संदेह के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। इस घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने चंपानगर-भागलपुर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया था, जिसे पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर खुलवाया।

इससे पहले 15-16 जुलाई को भी ऐसी ही एक वारदात हुई थी। लालूचक के ही पांचू मंडल का ढाई साल का बेटा आदित्य कुमार मंगलवार देर रात अपने पिता के साथ महावीर मंदिर परिसर में सो रहा था, तभी वह गायब हो गया। बुधवार सुबह उसका शव नदी में तैरता मिला। FSL की शुरुआती जांच में पता चला कि बच्चे के माथे पर लोहे की कील ठोकी गई थी और गला घोंटकर हत्या की गई थी। पिता ने इस मामले में अपने ही गोतिया (रिश्तेदार) परिवार पर पुरानी रंजिश के चलते हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस केस को अपहरण से बदलकर हत्या की धाराओं में दर्ज कर लिया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।