Bhagalpur में तीन साल के मासूम की हत्या, प्लास्टिक बोरे में मिला शव, परिजनों ने सड़क जाम कर जताया विरोध
Bhagalpur: नाथनगर थाना क्षेत्र के लालूचक इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां तीन साल के मासूम दिव्यांशु कुमार का अपहरण कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। बच्चे का शव एक प्लास्टिक के बोरे में बंद होकर पा
Bhagalpur: नाथनगर थाना क्षेत्र के लालूचक इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां तीन साल के मासूम दिव्यांशु कुमार का अपहरण कर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। बच्चे का शव एक प्लास्टिक के बोरे में बंद होकर पास के खेत में मिला, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार, दिव्यांशु बुधवार रात अपनी मां सुलेखा देवी के पास सो रहा था। गुरुवार सुबह करीब 3 बजे वह अचानक बिस्तर से गायब हो गया। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका पता नहीं चला। सुबह करीब 7 बजे घर के पास ही एक खेत में प्लास्टिक के बोरे में लिपटा हुआ मासूम का शव बरामद हुआ।
इस घटना से गुस्साए परिजनों और ग्रामीणों ने चंपानगर-भागलपुर मुख्य मार्ग को जाम कर प्रदर्शन किया। परिजनों ने गांव के ही एक व्यक्ति सुभाष पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संदेह के आधार पर दो लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।
सिटी डीएसपी-2 राकेश कुमार और नाथनगर इंस्पेक्टर अभय शंकर मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि शरीर पर मिले निशानों से यह साफ है कि बच्चे का गला घोंटकर उसकी हत्या की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौके पर डॉग स्क्वायड, एफएसएल और एसटीएफ की टीमों ने पहुंचकर सबूत जुटाए हैं।
भागलपुर में मासूम बच्चों की हत्या की यह दूसरी बड़ी वारदात है। महज 16-17 दिनों के भीतर ऐसा दूसरा मामला सामने आया है। इससे पहले 14 जुलाई 2026 को ढाई साल के आदित्य कुमार का भी अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई थी, जिसका शव नदी से मिला था। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दोषियों को पकड़ा जाएगा।