Bhagalpur में कुएं में मिला विवाहिता का शव, पति समेत चार लोगों पर हत्या का केस दर्ज
Bhagalpur: बिहार के भागलपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ के रसलपुर थाना क्षेत्र के चन्नो गांव में एक 20 साल की विवाहिता का शव कुएं से बरामद हुआ है। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस
Bhagalpur: बिहार के भागलपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहाँ के रसलपुर थाना क्षेत्र के चन्नो गांव में एक 20 साल की विवाहिता का शव कुएं से बरामद हुआ है। इस घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और पुलिस ने मृतका के पति समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
मृतका की पहचान मिर्चो कुमारी के रूप में हुई है, जो चन्नो गांव निवासी गणेश यादव की बेटी थी। करीब दो साल पहले उसकी शादी सनौखर थाना क्षेत्र के बालीपुर सोहायल निवासी परमानंद यादव से हुई थी। बताया जा रहा है कि पति के साथ विवाद होने के कारण मिर्चो कुमारी पिछले कुछ समय से अपने मायके में ही रह रही थी।
परिजनों के मुताबिक, मंगलवार शाम को पति का फोन आने के बाद मिर्चो घर से बाहर निकली थी, लेकिन जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटी तो घर वालों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान एक बगीचे में उसकी चप्पलें मिलीं और उसके बाद गांव के पास ही एक कुएं में उसका शव मिला। बुधवार सुबह पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर टीम पहुंची।
मृतका के पिता गणेश यादव ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को अतिरिक्त दहेज के लिए प्रताड़ित किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति परमानंद यादव, उसके भाई प्रकाश यादव, भाभी रूपम देवी और कटकी यादव के खिलाफ FIR दर्ज की है।
रसलपुर SHO अजीत कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। सबूत जुटाने के लिए FSL टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि यह हत्या है या आत्महत्या, और उसी के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।