Bhagalpur में वज्रपात का कहर, दो बुजुर्गों समेत 4 लोगों की मौत, कई घायल

Bhagalpur: बिहार के भागलपुर जिले में मौसम के अचानक बदले मिजाज और भारी बारिश के बीच वज्रपात ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। जिले के अलग-अलग इलाकों में बिजली गिरने से दो बुजुर्गों समेत कुल चार लोगों की जान चली गई, जबकि

Bhagalpur: बिहार के भागलपुर जिले में मौसम के अचानक बदले मिजाज और भारी बारिश के बीच वज्रपात ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। जिले के अलग-अलग इलाकों में बिजली गिरने से दो बुजुर्गों समेत कुल चार लोगों की जान चली गई, जबकि तीन महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। इस हादसे के बाद प्रभावित गांवों में मातम पसरा हुआ है।

पहली घटना कहलगांव प्रखंड के शिवनारायणपुर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव की है, जहां 60 वर्षीय मुनीलाल तांती की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह विक्रमशिला रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन पकड़ने जा रहे थे, तभी उन पर बिजली गिर गई। वहीं, सबौर थाना क्षेत्र के प्रशस्तडीह गांव में 60 वर्षीय दयाशंकर मिश्रा की मृत्यु हुई। वह शिवलेया पोखर के पास भैंस चरा रहे थे, तभी वज्रपात का शिकार हो गए।

जिले में केवल दो ही नहीं, बल्कि अन्य जगहों पर भी मौत की खबरें आईं। गोपालपुर में 25 वर्षीय सुनील कुमार और घोगहा के ब्रह्महरी टोला में 21 वर्षीय मिथिलेश कुमार की भी बिजली गिरने से मौत हो गई। इसके अलावा, गोपालपुर और मायागंज इलाके में तीन महिलाएं घायल हुई हैं। इनमें हीना देवी (25) और सरिता देवी (40) की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है। किरण कुमारी (16) भी इस हादसे में चोटिल हुई हैं।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों, खेतों और पेड़ों के नीचे शरण न लें। मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करने की सलाह दी गई है। वहीं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और पीड़ित परिवारों ने सरकार से मृतकों के परिजनों के लिए जल्द से जल्द मुआवजा देने की मांग की है।