Bhagalpur में जमीन विवाद को लेकर फायरिंग, पूर्व सांसद के तीन बेटों समेत 5 लोग भेजे गए जेल
Bhagalpur: बिहार के भागलपुर जिले के जगदीशपुर इलाके में जमीन के पुराने विवाद को लेकर जमकर मारपीट और गोलीबारी हुई। इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व सांसद चुनचुन यादव के तीन बेटों सहित कुल पांच लोगों को गि
Bhagalpur: बिहार के भागलपुर जिले के जगदीशपुर इलाके में जमीन के पुराने विवाद को लेकर जमकर मारपीट और गोलीबारी हुई। इस मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पूर्व सांसद चुनचुन यादव के तीन बेटों सहित कुल पांच लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह पूरी घटना जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बलुआचक गांव की है।
जानकारी के मुताबिक यह विवाद करीब 35 साल पुराना बताया जा रहा है। रविवार को विवादित जमीन पर एक पक्ष द्वारा खेत की जुताई कराई जा रही थी, जिससे दूसरा पक्ष नाराज हो गया और दोनों तरफ से झगड़ा शुरू हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि मौके पर फायरिंग शुरू हो गई, जिसमें एक व्यक्ति के घायल होने की खबर है।
इस मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराई है। संजय यादव की तरफ से 6 नामजद और 4 अज्ञात लोगों पर केस किया गया है, वहीं शशि यादव की ओर से 13 लोगों को आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर पूर्व सांसद के बेटों अजय यादव, अभय यादव और संजय यादव समेत पांच आरोपियों को पकड़ लिया।
जगदीशपुर थानाध्यक्ष रामचंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने मौके से दो लाइसेंसी राइफलें, कुछ कारतूस और खेत जोतने वाला एक ट्रैक्टर जब्त किया है। गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है और बाकी बचे आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है।