Bhagalpur में हादसा, कुएं में पलटा ऑटो; मां और 6 महीने की बेटी की डूबने से मौत

Bhagalpur/Kahalgaon: कहलगांव थाना क्षेत्र के कुशापुर गांव में मंगलवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां एक तेज रफ्तार ऑटो कुएं के जगत से टकराकर पलट गया, जिससे उसमें सवार एक मां और उनकी छह महीने की मासूम बेटी की डूबन

Bhagalpur/Kahalgaon: कहलगांव थाना क्षेत्र के कुशापुर गांव में मंगलवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां एक तेज रफ्तार ऑटो कुएं के जगत से टकराकर पलट गया, जिससे उसमें सवार एक मां और उनकी छह महीने की मासूम बेटी की डूबने से मौत हो गई। यह हादसा बंसीपुर पंचायत सरकारी भवन के पास हुआ।

मृतकों की पहचान 30 वर्षीय फूल कुमारी देवी और उनकी छह महीने की बेटी अन्नू कुमारी के रूप में हुई है। ये दोनों बांका जिले के धनकुंड थाना क्षेत्र के बदलिचक की रहने वाली थीं। बताया जाता है कि यह परिवार झारखंड के साहिबगंज जिले के करमाटोला स्थित रक्षी स्थान पर पूजा करने गया था और वहीं से वापस लौट रहा था।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बारिश की वजह से मुख्य सड़क की हालत खराब थी, इसलिए ड्राइवर ने ग्रामीण रास्ते का चुनाव किया। कुशापुर बंसीपुर पंचायत सरकारी भवन के पास एक तीखा मोड़ था, जहां ऑटो की रफ्तार तेज होने के कारण ड्राइवर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी सीधे कुएं के किनारे से टकराकर पलट गई। अंधेरे और बारिश की वजह से यह तुरंत पता नहीं चला कि मां और बेटी कुएं में गिर गई हैं। बुधवार सुबह परिजनों की सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों के शवों को बाहर निकाला।

इस हादसे में चार अन्य लोग भी घायल हुए हैं। इनमें अमर कुमार, उनकी पत्नी ममता देवी और बेटा सूर्यम कुमार गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं ऑटो ड्राइवर विष्णु कुमार का इलाज कहलगांव अनुमंडलीय अस्पताल में चल रहा है। कहलगांव थानाध्यक्ष मृत्युंजय कुमार ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भागलपुर भेज दिया गया है और दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को जब्त कर मामले की जांच की जा रही है।