Bhagalpur में शराब बंदी को लेकर जीविका दीदियों ने निकाली रैली, 14,500 महिलाओं ने लिया हिस्सा
Bhagalpur: बिहार के भागलपुर में पंचायत विकास दिवस के मौके पर जीविका दीदियों ने एक बड़ी जागरूकता रैली निकाली। इस रैली के जरिए महिलाओं ने मद्य निषेध और लैंगिक समानता का संदेश दिया। इस कार्यक्रम में 14,500 से ज्यादा महिलाओं
Bhagalpur: बिहार के भागलपुर में पंचायत विकास दिवस के मौके पर जीविका दीदियों ने एक बड़ी जागरूकता रैली निकाली। इस रैली के जरिए महिलाओं ने मद्य निषेध और लैंगिक समानता का संदेश दिया। इस कार्यक्रम में 14,500 से ज्यादा महिलाओं ने हिस्सा लेकर समाज को शराब के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
यह पूरा आयोजन नशामुक्त और संपन्न बिहार बनाने के लक्ष्य के साथ किया गया। बता दें कि बिहार सरकार ने 1 अप्रैल 2016 से राज्य में शराब के निर्माण, बिक्री और सेवन पर पूरी तरह रोक लगाई थी। इसी अभियान को आगे बढ़ाने के लिए जीविका समूह की महिलाएं लगातार काम कर रही हैं। इस रैली का मुख्य मकसद लोगों को नशे से दूर रखना और समाज में महिलाओं की स्थिति को बेहतर बनाना था।
राज्य स्तर पर इस पहल को मजबूती देने के लिए मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर के टेटिया ग्राम पंचायत से ‘पंचायत विकास दिवस’ कार्यक्रम की शुरुआत की थी। अब हर महीने के आखिरी रविवार को सभी ग्राम पंचायतों में यह दिवस मनाया जाएगा। पहले आयोजन की थीम ‘महिला हितैषी पंचायत’ रखी गई थी, जिसका उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाना है।
सरकार का लक्ष्य पंचायतों को गरीबी मुक्त, स्वच्छ और आत्मनिर्भर बनाना है। इसके लिए स्वास्थ्य, शिक्षा, पीने का पानी और सामाजिक न्याय जैसे मुद्दों पर ध्यान दिया जा रहा है। भागलपुर की इस रैली में भी इन्हीं सामाजिक सुधारों और नशामुक्ति पर जोर दिया गया ताकि गांव और शहर दोनों स्तर पर सकारात्मक बदलाव आ सके।