Bhagalpur में मॉर्निंग वॉक पर निकली युवती की संदिग्ध मौत, परिजनों ने जताया हत्या का शक

Bhagalpur: बिहार के भागलपुर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली 22 साल की युवती फातमा उर्फ नाजिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। इस घटना के बाद इलाके में काफी तनाव और

Bhagalpur: बिहार के भागलपुर से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। मोजाहिदपुर थाना क्षेत्र की रहने वाली 22 साल की युवती फातमा उर्फ नाजिया की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। इस घटना के बाद इलाके में काफी तनाव और सनसनी का माहौल है। परिजनों ने इसे सोची-समझी हत्या बताया है और पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जानकारी के मुताबिक, नाजिया 30 जून की सुबह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकली थी। इसके बाद वह लापता हो गई। 1 जुलाई को उसका शव बरामद हुआ, लेकिन उसकी पहचान 2 जुलाई को सोशल मीडिया पर फोटो देखकर परिजनों ने की। नाजिया के पिता मोहम्मद नौशाद आलम और चाचा मोहम्मद नदीम खान ने इस मामले की शिकायत तिलकामांझी थाना पुलिस से की है। परिजनों का आरोप है कि नाजिया जिन कपड़ों में घर से गई थी, शव मिलने के समय उसके कपड़े बदले हुए थे।

डॉक्टरों ने जब शव की जांच की तो शरीर पर कई संदिग्ध निशान मिले। सीने पर दांतों के काटने के निशान, नाखूनों की खरोंच और चेहरे व गाल पर चोट के निशान पाए गए हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि 1 जुलाई की रात सर्किट हाउस के पास कृषि कार्यालय के समीप नाजिया बेहोशी की हालत में मिली थी। एसएसपी आवास के संतरी ने उसे देखा था, जिसके बाद गश्ती टीम उसे सदर अस्पताल ले गई, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पुलिस को नाजिया के पास से एक हाथ से लिखा नोट भी मिला है, जिसमें अलग-अलग समय पर अलग-अलग जगहों पर होने की बात लिखी है। हालांकि, परिजनों ने इस नोट की सच्चाई पर शक जताया है और इसकी फोरेंसिक जांच कराने की मांग की है। परिवार ने यह भी बताया कि नाजिया पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से ठीक नहीं थी और उसका मनोरोग विशेषज्ञ से इलाज चल रहा था।

मृतका के नाना मो. मूसा ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नाजिया को पुलिस में भर्ती होने का बहुत शौक था। वह पुलिस लाइन के एक कर्मी के संपर्क में थी, जिसने उसे नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस हत्या, आत्महत्या और साजिश जैसे सभी पहलुओं को देख रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।