Bhagalpur में बाढ़ से पहले सरकार अलर्ट, सचिव ने तटबंध काम 15 दिन में पूरा करने का दिया अल्टीमेटम
Bhagalpur: मानसून की दस्तक के साथ ही भागलपुर में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। इसे देखते हुए सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने शनिवार को गंगा किनारे तटबंधों का दौरा किया और अधिकार
Bhagalpur: मानसून की दस्तक के साथ ही भागलपुर में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। इसे देखते हुए सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने शनिवार को गंगा किनारे तटबंधों का दौरा किया और अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी सुरक्षा कार्य अगले 15 दिनों के भीतर हर हाल में पूरे कर लिए जाएं।
सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह ने इस्माईलपुर-बिंदटोली तटबंध और झल्लूदास-ज्ञानीदास गांवों में चल रहे कटाव निरोधक कार्यों का मौके पर जाकर निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और ठेकेदारों को साफ कहा कि काम की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने कार्यस्थल पर बोल्डर की सप्लाई लगातार बनाए रखने और काम में तेजी लाने के लिए मजदूरों और मशीनों की संख्या बढ़ाने का आदेश दिया है।
इससे पहले जिलाधिकारी अलंकृता पांडेय ने भी 30 जून को इस्माईलपुर-गोपालपुर-बिंद टोली तटबंध का जायजा लिया था। उन्होंने काम की धीमी रफ्तार पर नाराजगी जताई थी और मानसून से पहले इसे पूरा करने को कहा था। इसके अलावा, जिलाधिकारी बरारी से ममलखा तक करीब 10 किलोमीटर लंबे स्थायी बांध की योजना पर भी काम कर रही हैं, जिसके लिए IIT Roorkee की टीम जल्द ही सर्वे करेगी।
मौजूदा स्थिति की बात करें तो ममलखा गांव और गोपालपुर-इस्माइलपुर तटबंध पर लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से काम चल रहा है। विभाग का दावा है कि 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और जुलाई के अंत तक यह 100 प्रतिशत हो जाएगा। हालांकि, ममलखा के ग्रामीणों ने निर्माण की क्वालिटी को लेकर सवाल उठाए हैं।
स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर काफी गुस्सा है कि काम की समय-सीमा पहले 30 मई और फिर 30 जून तक बढ़ाई गई, लेकिन अब भी काम अधूरा है। कार्यपालक अभियंता ई. गौतम कुमार के मुताबिक इस्माईलपुर-बिंदटोली का काम 10 जुलाई और ज्ञानीदास टोला का काम 30 जुलाई तक पूरा होगा, लेकिन सचिव के 15 दिन वाले अल्टीमेटम ने अब दबाव बढ़ा दिया है।